राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार पर बोले किरेन रिजिजू – कांग्रेस फैला रही झूठा नैरेटिव

  • Post By Admin on Aug 04 2025
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार पर बोले किरेन रिजिजू – कांग्रेस फैला रही झूठा नैरेटिव

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और वामपंथी खेमे पर हमला बोलते हुए कहा है कि वे भारत की सीमाओं को लेकर झूठा नैरेटिव फैला रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर संसद में दिए गए अपने भाषण का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को उनके गैर-जिम्मेदाराना दावे पर फटकार लगाई कि चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है। अदालत ने पूछा कि उन्हें कैसे पता चला कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन कब्जा कर ली है? एक सच्चा भारतीय ऐसा दावा नहीं करेगा।"

उन्होंने साफ कहा कि 1962 के बाद से आज तक चीन ने अरुणाचल प्रदेश या किसी अन्य भारतीय सीमा में एक इंच भी जमीन पर कब्जा नहीं किया है।

"इतिहास की जानकारी जरूरी" – रिजिजू
अपने बयान में रिजिजू ने कहा, "जिस प्रदेश (अरुणाचल प्रदेश) से मैं आता हूं, वहां पर चीन ने 1962 के युद्ध के बाद से अब तक कोई नया अतिक्रमण नहीं किया है। उस समय भी चीन ने केवल लोंगजू क्षेत्र में, जो पहले असम राइफल्स का कैंप हुआ करता था, 1959 में कब्जा किया था। उसके अलावा 1962 में आक्रमण के दौरान कुछ और हिस्सों पर कब्जा किया, लेकिन युद्धविराम के बाद पीछे हट गए।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट इकोसिस्टम की ओर से फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाएं देश की सुरक्षा और एकता के लिए खतरनाक हैं।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी बनी सियासी बहस का आधार
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी द्वारा संसद में दिए गए उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय भूमि पर कब्जा कर लिया है। अदालत ने कहा कि इस तरह के बयान जिम्मेदारी से देने चाहिए और इसके पीछे ठोस प्रमाण होने चाहिए।

इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा इसे कांग्रेस की "भारत विरोधी सोच" बता रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि वे वास्तविक मुद्दों को सामने ला रहे हैं।

रिजिजू ने कांग्रेस से मांगा जवाब
रिजिजू ने कांग्रेस से सवाल किया कि वह बताएं कि आखिर उनके पास क्या ठोस प्रमाण हैं, जिनके आधार पर इतने गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सेना और सीमाओं को लेकर इस तरह के भ्रामक बयान न केवल सैनिकों का मनोबल तोड़ते हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को भी नुकसान पहुंचाते हैं।