DUSU चुनाव में ABVP की हैट्रिक, लेकिन उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत ने सबको चौंकाया

  • Post By Admin on Sep 19 2026
DUSU चुनाव में ABVP की हैट्रिक, लेकिन उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत ने सबको चौंकाया

नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के बहुप्रतीक्षित नतीजे शनिवार को घोषित हो गए हैं। छात्र संघ के इस चुनावी दंगल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय पैनल के चार में से तीन मुख्य पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर एक निर्दलीय उम्मीदवार ने अप्रत्याशित जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया है।

अध्यक्ष पद पर कड़े मुकाबले के बाद ABVP के यश डबास ने 24,576 वोट प्राप्त कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी और NSUI उम्मीदवार विजय शंकर मीणा को 2,053 मतों से मात दी, जिन्हें कुल 22,523 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम सबसे चौंकाने वाले रहे, जहां निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु शौकीन ने एकतरफा मुकाबले में ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज की। दीपांशु को कुल 30,615 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ABVP के ईशु मौर्या को महज 16,910 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। सचिव पद पर भी ABVP का परचम लहराया, जहां रिया छावड़ी ने 21,650 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने NSUI की नम्रता चौधरी को बड़े अंतर से शिकस्त दी, जिन्हें कुल 14,869 वोट मिले।

संयुक्त सचिव पद पर हुए त्रिकोणीय मुकाबले में ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर बाजी मारी। इस पद के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें SCS के विशेष यादव 15,778 वोट पाकर दूसरे और NSUI के गोपाल चौधरी 15,206 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इन नतीजों के साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति की नई तस्वीर साफ हो गई है, जहां ABVP ने तीन प्रमुख पदों पर कब्जा बनाए रखा है, वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत ने छात्र संघ के शक्ति संतुलन में एक नया समीकरण जोड़ दिया है।