हर बहन की सुरक्षा, हर बेटी का सम्मान बने रक्षाबंधन का संकल्प : डॉ. अरुण कुमार सिंह

  • Post By Admin on Aug 26 2026
हर बहन की सुरक्षा, हर बेटी का सम्मान बने रक्षाबंधन का संकल्प : डॉ. अरुण कुमार सिंह

मुजफ्फरपुर : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर होमियोपैथिक चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और महिलाओं की सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज की हर बहन और बेटी की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

डॉ. सिंह ने कहा कि देशवासियों को जाति, धर्म और वर्ग के भेद से ऊपर उठकर एक परिवार की तरह रहना चाहिए, ताकि सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द मजबूत बना रहे। रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन लेकर उसे निभाता है, उसी निष्ठा के साथ प्रत्येक नागरिक को देश की भलाई और तरक्की के लिए अपना योगदान देना चाहिए। मानवता को सर्वोच्च बताते हुए उन्होंने कहा कि इंसान से बड़ा इस धरती पर कुछ भी नहीं है।

डॉ. अरुण कुमार सिंह ने देश की सीमाओं और नागरिकों की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों के योगदान और त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेशम के धागों से जुड़ा रक्षाबंधन हमें आपसी प्रेम और एकता की ताकत का एहसास कराता है। इस अवसर पर सभी को मिलकर ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जहां प्रत्येक महिला खुद को सुरक्षित, सम्मानित और अधिकार-संपन्न महसूस कर सके। अंत में डॉ. अरुण कुमार सिंह ने सभी देशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।