20 साल, 25 तबादले और सख्त मिजाज कायम, जानिए कौन हैं IAS तुकाराम मुंडे

  • Post By Admin on Aug 15 2026
20 साल, 25 तबादले और सख्त मिजाज कायम, जानिए कौन हैं IAS तुकाराम मुंडे

मुंबई : महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर का पद संभालने के बाद आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने करीब 20 साल के प्रशासनिक करियर में लगभग 25 तबादलों के लिए चर्चित रहे मुंडे के सख्त प्रशासनिक रवैये को लेकर मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र के होटल और रेस्तरां कारोबारियों के बीच हलचल तेज है।

25 मई को FDA कमिश्नर का पद संभालने के बाद से ही तुकाराम मुंडे लगातार सुर्खियों में हैं। उनके काम करने के तरीके को लेकर होटल-रेस्तरां इंडस्ट्री में सख्ती की चर्चा है। हालांकि, आम लोगों के लिए उनकी कार्यशैली में संवाद और शिकायतों को सुनने पर भी जोर दिखाई देता है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित FDA मुख्यालय में हर कार्यदिवस शाम 4 से 5 बजे तक कमिश्नर का दरवाजा आम लोगों के लिए खुला रहता है। इस दौरान लोग सीधे उनसे अपनी समस्याएं और शिकायतें साझा कर सकते हैं। मुंडे संबंधित मामलों को सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास करते हैं।

हाल ही में मुंबई के करीब एक सदी पुराने मशहूर ‘नूर मोहम्मदी’ रेस्तरां के मालिक और उनके बेटे भी अपना निलंबित लाइसेंस बहाल कराने से जुड़ी समस्या लेकर इसी जनसुनवाई में पहुंचे थे। इससे साफ है कि कमिश्नर तक पहुंच आम लोगों और कारोबारियों के लिए आसान रखी गई है। हालांकि, जनता से सीधे संवाद का मतलब नियमों में किसी तरह की ढील नहीं है। पदभार संभालने के बाद तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट किया था कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उनकी मौजूदा भूमिका में खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों का पालन सुनिश्चित करना सबसे अहम जिम्मेदारियों में शामिल है। यही वजह है कि एक ओर जहां आम लोगों को अपनी शिकायत सीधे कमिश्नर तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर होटल, रेस्तरां और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

तुकाराम मुंडे की प्रशासनिक छवि लंबे समय से सख्त और नियम-कायदे पर जोर देने वाले अधिकारी की रही है। बार-बार तबादलों के बावजूद उनके तेवर में बदलाव नहीं आने की चर्चा उन्हें महाराष्ट्र के चर्चित आईएएस अधिकारियों में बनाए रखती है।