टूथपेस्ट को लेकर फैले भ्रम : जानिए क्या है हकीकत और क्या है मिथक

  • Post By Admin on Jun 18 2025
टूथपेस्ट को लेकर फैले भ्रम : जानिए क्या है हकीकत और क्या है मिथक

नई दिल्ली : दांतों की देखभाल के लिए हर सुबह इस्तेमाल होने वाला टूथपेस्ट हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन इसके इस्तेमाल को लेकर आम लोगों में कई तरह की गलतफहमियां फैली हुई हैं, जो न केवल भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि कई बार दांतों की सेहत के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकती हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, टूथपेस्ट की कीमत, रंग, फोम और फ्लोराइड जैसे पहलुओं को लेकर अक्सर लोग गलत धारणाएं बना लेते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच आम भ्रम और उनकी सच्चाई:

महंगे टूथपेस्ट ही होते हैं ज्यादा असरदार —
अक्सर लोग मानते हैं कि महंगा टूथपेस्ट बेहतर होता है और सस्ता टूथपेस्ट कम प्रभावी। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि टूथपेस्ट की गुणवत्ता उसकी कीमत से नहीं, बल्कि उसमें मौजूद तत्वों और वैज्ञानिक परीक्षणों पर निर्भर करती है। कई सस्ते ब्रांड्स भी बेहतरीन परिणाम दे सकते हैं।

फ्लोराइड सिर्फ बच्चों के लिए जरूरी —
फ्लोराइड को लेकर एक आम धारणा है कि यह केवल बच्चों के दूध के दांतों के लिए जरूरी होता है। जबकि सच्चाई यह है कि फ्लोराइड हर उम्र में दांतों की सुरक्षा के लिए जरूरी होता है। यह कैविटी से बचाता है और दांतों को मजबूत बनाए रखता है।

ज्यादा फोम वाला टूथपेस्ट करता है बेहतर सफाई —
लोगों को लगता है कि जो टूथपेस्ट ज्यादा झाग बनाता है, वही दांतों को ज्यादा सफेद करता है। जबकि असलियत यह है कि झाग यानी फोम का सफेदी से कोई सीधा संबंध नहीं होता। फोम सिर्फ ब्रशिंग के अनुभव को बेहतर बनाता है, सफाई की क्षमता उस पर निर्भर नहीं करती।

टूथपेस्ट का रंग करता है फर्क —
कुछ उपभोक्ता टूथपेस्ट के रंग को उसकी प्रभावशीलता से जोड़कर देखते हैं। जैसे, वे मानते हैं कि गहरे रंग का टूथपेस्ट ज्यादा असरदार होता है। लेकिन विशेषज्ञ स्पष्ट करते हैं कि रंग सिर्फ एक दृश्यात्मक विशेषता है, जो सफेदी या सफाई पर असर नहीं डालता।

ज्यादा क्रीम वाला टूथपेस्ट होता है ज्यादा फायदेमंद —
टूथपेस्ट की मोटाई या 'क्रीमीनेस' को भी लोग गुणवत्ता का पैमाना मान लेते हैं। लेकिन अधिक क्रीमी टूथपेस्ट कभी-कभी दांतों की संवेदनशीलता बढ़ा सकते हैं, जिससे दांतों में ठंडा-गर्म लगने की समस्या हो सकती है।

टूथपेस्ट को लेकर फैली इन भ्रांतियों को समझना बेहद जरूरी है ताकि लोग विज्ञापनों या भ्रमों के बजाय सही जानकारी के आधार पर चुनाव कर सकें। विशेषज्ञों की सलाह है कि टूथपेस्ट का चयन करते समय उसकी सामग्री, फ्लोराइड की उपस्थिति और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दें।