ग्लोइंग स्किन चाहिए तो इन 5 आदतों से तुरंत करें तौबा

  • Post By Admin on Jul 15 2025
ग्लोइंग स्किन चाहिए तो इन 5 आदतों से तुरंत करें तौबा

नई दिल्ली : बढ़ते प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और खराब खान-पान के चलते मुंहासों की समस्या अब केवल किशोरों तक सीमित नहीं रही है। युवाओं से लेकर वयस्क तक, बड़ी संख्या में लोग त्वचा संबंधी इस समस्या से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि त्वचा की देखभाल के साथ-साथ खानपान की आदतें भी मुंहासों को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।

त्वचा विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ आम खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिनका अधिक सेवन मुंहासों को बढ़ावा देता है। यदि समय रहते इन चीजों से दूरी बना ली जाए तो त्वचा की सेहत में सुधार देखा जा सकता है। जानिए किन 5 चीजों से बनानी चाहिए दूरी—

डेयरी उत्पादों से रहें सावधान

दूध, दही, पनीर और मक्खन जैसे डेयरी उत्पादों में मौजूद वसा और हार्मोनल तत्व त्वचा में सूजन और सीबम उत्पादन को बढ़ा सकते हैं, जिससे मुंहासे उभर सकते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि मुंहासों की समस्या होने पर डेयरी का सेवन सीमित कर बादाम, नारियल या सोया दूध को विकल्प के तौर पर अपनाएं।

तले-भुने खाद्य पदार्थ छोड़ें

तेल में तली चीजें जैसे समोसे, पकौड़े या फ्रेंच फ्राइज शरीर में अंदरूनी सूजन पैदा कर सकते हैं। इससे न केवल वजन बढ़ता है, बल्कि चेहरे पर एक्ने भी तेज़ी से पनप सकते हैं। पोषण विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि इन चीजों से दूरी बनाकर पानी का अधिक सेवन किया जाए।

मीठे दूध-चॉकलेट से करें परहेज

दूध-चॉकलेट में शक्कर की मात्रा अधिक होती है, जो रक्त शर्करा को बढ़ाकर इंसुलिन स्पाइक का कारण बनती है। इसका असर सीधे त्वचा पर दिखता है और एक्ने की समस्या बढ़ सकती है। विशेषज्ञों की राय है कि चॉकलेट के स्थान पर डार्क चॉकलेट या बिना शक्कर वाले विकल्प चुने जाएं।

अधिक सूखे मेवे भी बन सकते हैं कारण

बादाम, अखरोट, काजू जैसे सूखे मेवे सेहतमंद माने जाते हैं, लेकिन इनका अत्यधिक सेवन शरीर की गर्मी को बढ़ा सकता है। यही गर्मी चेहरे पर मुंहासों के रूप में दिखाई देती है। आयुर्वेदिक सलाह के अनुसार, सीमित मात्रा में और संतुलित तरीके से इनका सेवन करें।

बोतलबंद जूस से रहें दूर

बाजार में मिलने वाले बोतलबंद जूस में कृत्रिम मिठास और प्रिज़र्वेटिव्स होते हैं, जो शरीर में सूजन और हार्मोनल असंतुलन को जन्म दे सकते हैं। इसकी जगह ताजे फलों का जूस, खासकर अनार का सेवन करने की सलाह दी जाती है, जो त्वचा की सफाई में मददगार हो सकता है।

स्वस्थ त्वचा की राह खानपान से होकर गुजरती है
विशेषज्ञों की मानें तो केवल बाहरी स्किन केयर ही नहीं, बल्कि आंतरिक पोषण और सही खानपान भी एक्ने से निजात पाने में अहम भूमिका निभाते हैं। समय रहते इन 5 चीजों से दूरी बनाकर साफ, स्वस्थ और चमकदार त्वचा पाई जा सकती है।