राम मनोहर लोहिया कॉलेज में शिक्षक संघ का चुनाव, डॉ. अशोक कुमार साह बने अध्यक्ष
- Post By Admin on Jul 21 2026
मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को महाविद्यालय शिक्षक संघ का चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव की अध्यक्षता महाविद्यालय के वरीय प्राध्यापक प्रो. डॉ. हरिश्चन्द्र प्रसाद यादव ने की। निर्वाचन प्रक्रिया में महाविद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव परिणाम के अनुसार गणित विभाग के डॉ. अशोक कुमार साह शिक्षक संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अर्थशास्त्र विभाग के मुकेश कुमार सरदार को उपाध्यक्ष, मनोविज्ञान विभाग के डॉ. नन्हे कुमार को सचिव, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. ममता कुमारी को संयुक्त सचिव तथा गणित विभाग के डॉ. दिनकर सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव संपन्न होने के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक संघ महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने, शिक्षकों के हितों की रक्षा करने तथा संस्थान के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।