आरडीएस कॉलेज में लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों को मिला समाधान और मार्गदर्शन

  • Post By Admin on Aug 25 2026
आरडीएस कॉलेज में लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों को मिला समाधान और मार्गदर्शन

मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ की भावना के साथ आयोजित शिविर में विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। विद्यार्थियों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की गई।

शिविर के नोडल पदाधिकारी डॉ. भगवान कुमार ने विद्यार्थियों को शिविर के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के बारे में भी विस्तार से बताया और पोर्टल पर समस्याओं को दर्ज एवं पंजीकृत करने की प्रक्रिया समझाई। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। कई समस्याओं का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभाग या स्तर के अनुसार आवश्यक मार्गदर्शन और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा कार्यालय, मुजफ्फरपुर के श्री आयुष कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने शिविर की गतिविधियों और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान से संबंधित प्रक्रिया में सहभागिता की। इस दौरान डॉ. अमर ज्योति रंजन, डॉ. राजनिकांत पांडेय, डॉ. सौरभ राज, डॉ. पंकज कुमार तिवारी और डॉ. अनुराधा पाठक समेत महाविद्यालय के शिक्षक एवं संबंधित कर्मियों ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान में सहयोग किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि महाविद्यालय, विभाग या विश्वविद्यालय स्तर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर का लाभ लिया जा सकता है। जरूरत के अनुसार विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विद्यार्थियों से समस्या से संबंधित लिखित आवेदन के साथ शिविर में उपस्थित होने की अपील की गई।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार अगला विद्यार्थी सहयोग शिविर 22 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सहायता और मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की गई है।