लंगट सिंह कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग अभियान की शुरुआत, छात्रों को मिली योजनाओं की जानकारी
- Post By Admin on Aug 25 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘विद्यार्थी सहयोग अभियान’ के तहत मंगलवार को लंगट सिंह महाविद्यालय में प्रथम विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, हेल्पलाइन और विभिन्न छात्र हितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल छात्रों की शैक्षणिक, संस्थागत और छात्रावास संबंधी समस्याओं के पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध समाधान का डिजिटल माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल के साथ टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 भी सक्रिय किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आयोजित यह शिविर सरकार की इस पहल का प्रारंभिक चरण है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं और प्रक्रियाओं की सही जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है। शिविर में विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण, उसके उपयोग और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्राचार्या ने बताया कि शिविर के दौरान सरकार की ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान से जुड़ी विभिन्न पहलों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रो. एसआर चतुर्वेदी, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. संतोष अनल, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. राधा कुमारी, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. प्रमेश तिवारी और डॉ. धीरेंद्र कुमार ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।