एलएस कॉलेज के वाणिज्य विभाग में विदाई समारोह, प्राचार्या ने दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश

  • Post By Admin on Jul 19 2026
एलएस कॉलेज के वाणिज्य विभाग में विदाई समारोह, प्राचार्या ने दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में पीजी सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में रविवार को फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने अकादमिक जीवन पूरा कर पेशेवर दुनिया में प्रवेश कर रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से अर्जित ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाकर छात्र अपने कार्य और उत्कृष्ट व्यवहार से माता-पिता, गुरुजनों तथा संस्थान का नाम रोशन करें।

प्राचार्या ने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र संघ (एलुमनाई एसोसिएशन) से सक्रिय रूप से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती छात्रों की सहभागिता से महाविद्यालय के विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि औपचारिक शिक्षा पूरी होने के बाद भी विभाग के शिक्षक विद्यार्थियों के करियर और पेशेवर मार्गदर्शन के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने छात्रों को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए कहा कि वे उद्यमशीलता और नवाचार के माध्यम से समाज में नए अवसरों का सृजन करने की दिशा में भी आगे बढ़ें। इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकेंगे।

इस अवसर पर डॉ. चौधरी साकेत कुमार, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. महेश मधुकर, डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. राज, बालमुकुंद सहित विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।