बिहार के लालों का कमाल: NEET UG 2026 में चार छात्रों ने बनाई देश के टॉप-138 में जगह

  • Post By Admin on Jul 17 2026
बिहार के लालों का कमाल: NEET UG 2026 में चार छात्रों ने बनाई देश के टॉप-138 में जगह

पटना : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित NEET UG 2026 के अंतिम परिणाम में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। देशभर में 690 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 138 मेधावी छात्रों की सूची में बिहार के चार छात्रों ने स्थान बनाया है। इनमें दो छात्रों ने ऑल इंडिया टॉप-10 में जगह बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

जारी परिणाम के अनुसार, आयुष भलोटिया ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 हासिल कर बिहार में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। वहीं रिया रंजन ने ऑल इंडिया रैंक 6 हासिल कर टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। इसके अलावा रवि कांत दिवाकर ने AIR 55 और आदित्य कुमार ने AIR 73 प्राप्त कर राज्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन को और मजबूती दी है।

इस वर्ष NEET UG 2026 में देशभर से करीब 20 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष एवं अन्य संबद्ध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सफल घोषित किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है।

मेडिकल शिक्षा के विशेषज्ञों का मानना है कि ऑल इंडिया टॉप-100 में स्थान बनाने वाले छात्रों के लिए एम्स दिल्ली में एमबीबीएस सीट मिलने की संभावना काफी अधिक रहती है। ऐसे में आयुष भलोटिया, रिया रंजन, रवि कांत दिवाकर और आदित्य कुमार के एम्स दिल्ली के 2026 बैच में प्रवेश की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अंतिम चयन मेडिकल काउंसलिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगा।

एनटीए के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 19 छात्रों ने 700 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 1,492 उम्मीदवारों के 650 या उससे अधिक अंक आए हैं। बिहार के छात्रों की इस उपलब्धि को राज्य के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।