नशे की लत ने उजाड़ दिया परिवार, बच्चे हुए अनाथ

  • Post By Admin on May 25 2023
नशे की लत ने उजाड़ दिया परिवार, बच्चे हुए अनाथ

नालंदा : जिला के दीपनगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के नेपुरा बेरौटी गांव का है। 35 वर्षीया मृतका श्रवण सिंह की पत्नी रेखा देवी है।

मृतका के बेटे ने पिता पर अपनी मां की हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह बीती रात दूसरे कमरे में सो रहा था। तभी अचानक आवाज हुई, वह उठकर बाहर निकला तो देखा कि अंधेरे में कोई भाग रहा है। कमरे में झांक कर देखा तो उसकी मां के सिर से खून बह रहा था। हथौड़े से सिर पर वार कर उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने इस बात की खबर आस-पड़ोस के लोगों को दी।

ग्रामीणों ने बताया कि श्रवण सिंह हमेशा नशे में रहता था। आए दिन उसके घर में इसी बात को लेकर पत्नी से वाद-विवाद होता रहता था। बीती रात उसने हथौड़े से सिर पर मार कर पत्नी की हत्या कर दी और और पड़ोस के एक घर के बाहर बने शौचालय में जाकर छुप गया।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने के उपरांत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मौके से हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की कार्यवाही में जुट गई है।