दरिंदगी की हदें पार : दुष्कर्म के बाद महिला की नृशंस हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on May 26 2025

खंडवा : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी आंतें बाहर आ गईं और इलाज से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गांव के दो आरोपियों—सुनील और हरि को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई की सुबह महिला बेहोशी की हालत में गांव में पाई गई थी। बेटे द्वारा दी गई सूचना पर जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी और उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल पैनल ने पुष्टि की है कि मृतका की आंतें शरीर से बाहर थीं, जिससे यह संकेत मिलता है कि उस पर अत्यंत क्रूरता से हमला किया गया।
पोस्टमार्टम पैनल में शामिल डॉ. सीमा सूते ने बताया कि पेट पर तीव्र प्रहार या किसी नुकीली वस्तु से अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचाया गया है। हालांकि, पुलिस ने बच्चेदानी के बाहर आने की बात से इनकार करते हुए कहा कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
एएसपी ग्रामीण राजेश रघुवंशी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 मई को पीड़िता गांव के एक शादी समारोह में शामिल हुई थी, जहां आरोपी हरि भी मौजूद था। कार्यक्रम के बाद हरि और पीड़िता एक अन्य महिला को उसके खेत वाले घर छोड़ने गए थे। लौटते समय पीड़िता हरि के घर गई, जहां बाद में सुनील भी पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, तीनों ने साथ में शराब पी थी।
महिला के बेटे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मां ने होश में आने के बाद सुनील और हरि पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसी आधार पर दोनों के खिलाफ बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अब जांच के आधार पर आगे की कार्यवाई की जा रही है। पीड़िता का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया गया है।
इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने और मामले की तेज़ सुनवाई की मांग की है।