Uber की महिला ड्राइवर पर हमला : मदद की लगाती रही गुहार, तमाशबीन बने रहे लोग

  • Post By Admin on Jan 12 2023
Uber की महिला ड्राइवर पर हमला : मदद की लगाती रही गुहार, तमाशबीन बने रहे लोग

नई दिल्ली : दिल्ली में एक महिला कैब ड्राइवर पर बदमाशों ने हमला कर दिया। महिला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला दिल्ली के कश्मीरी गेट के आसपास का है जहां दो बदमाशों ने कांच की बोतल से महिला की गर्दन और छाती पर कई वार किए। महिला का नाम प्रियंका देवी है जो दिल्ली के समयपुर बादली इलाके की रहने वाली हैं। प्रियंका 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात करीब 2 बजे ड्यूटी पर थीं। तभी किसी ने कैब पर पत्थर मारा जिससे शीशे टूट गए। 

मीडिया से बात करते हुए प्रियंका ने बताया कि "मैं उस रात ISBT के पास एक कस्टमर को पिक करने जा रही थी। कोहरा बहुत ज्यादा होने की वजह से मैं गाड़ी धीरे-धीरे चला रही थी। पिकअप लोकेशन से करीब 100 मीटर दूर थी, तभी किसी ने पत्थर से गाड़ी का शीशा तोड़ा। वो पत्थर मेरे सिर पर लगा और कांच के टुकड़े मेरी बॉडी पर। जब मैं गाड़ी देखने बाहर निकली तो दो बदमाश मेरे साथ छीना झपटी करने लगे। दोनों ने मेरे पैसे और फोन छीन लिए। मैंने हिम्मत दिखाई और फोन वापस छीन लिया।"

प्रियंका ने बताया कि वह दोनों बदमाश कैब भी छीनना चाहते थे। जब वह चिल्लाने लगी तो एक बदमाश ने प्रियंका के गर्दन पर बीयर की बॉटल से वार किया। उन्होंने उबर में इमरजेंसी कॉल किया, पैनिक बटन भी दबाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। मैंने पुलिस को कॉल किया। सड़क पर कई बाईक और कार वाले को रोका लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। मैंने अपना गला कपड़े से दबा कर रखा था ताकि खून ज्यादा ना बहे। पुलिस आधे घंटे बाद आई। अस्पताल पहुंचने तक मैं बेहोश हो गई और इलाज के बाद तुरंत परिवार वाले मुझे घर ले आए, इसलिए तब मैंने शिकायत नहीं की। पुलिस मेरे घर पर बयान लेने भी नहीं आई।

वहीं इस मामले में पुलिस का कहना कुछ अलग है। पुलिस ने कहा की प्रियंका ने शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया था। हमने उन्हें कॉन्टैक्ट किया लेकिन उन्हें शिकायत दर्ज नहीं करानी थी। हालांकि हमने एंट्री के आधार पर डकैती की कोशिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।