पैसों की खातिर करीबियों ने रचा घिनौना साजिश, नाकाम होने पर ली मासूम की जान

  • Post By Admin on Feb 06 2023
पैसों की खातिर करीबियों ने रचा घिनौना साजिश, नाकाम होने पर ली मासूम की जान

इंदौर : जिले के महू तहसील अंतर्गत किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिगडंबर में कांग्रेस पार्टी के एक नेता के छह साल के भतीजे का अपहरण कर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने हत्या से पहले बच्चे के परिजनों को फोन कर चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। घटना के दोनों मुख्य आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण करने वाले बच्चे के करीबी ही हैं। जब उन्हें पता चला कि पुलिस को इसकी खबर हो गई है तो उन्होंने बच्चे की हत्या कर दी। बच्चे का शव एक पुलिया के नीचे मिला है। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें आरोपित बच्चे को लेकर जाते दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पिगडंबर निवासी विजेंद्र सिंह चौहान कांग्रेस नेता हैं। उनके छोटे भाई जितेन्द्र सिंह चौहान का छह वर्षीय बेटा हर्ष चौहान रविवार शाम को करीब छह बजे गायब हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो बीती रात आठ बजे फिरौती का फोन आया, जिसमें चार करोड़ की फिरौती की मांग की गई। परिजनों ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। पुलिस को सूत्रों से जानकारी मिलने पर टीम गांव में पहुंची। इसके साथ ही सीसीटीवी भी खंगाले, जिसमें एक सीसीटीवी में जितेंद्र की बुआ का लड़का रितेश बच्चे के साथ जाता हुआ नजर आया।

पुलिस ने रितेश से पूछताछ की, जिसमें उसने दूसरे आरोपित विकास के बारे में बताया। उसने कहा कि हर्ष को विकास को सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस ने विकास की तलाश की। करीब रात दो बजे विकास पकड़ में आया। रितेश ने पुलिस को बताया कि हर्ष की हत्या कर शव को चोरल के बाईग्राम की पुलिया के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी भी परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक जताया और मामले की जानकारी ली। ग्रामीण पुलिस एसपी भगवत सिंह विरदे ने बताया कि हमें सूत्रों से अपहरण की जानकारी मिली थी। इसके बाद हमने फिरौती के लिए फोन से नंबर को ट्रेस किया। नंबर एक दिन के लिए ही एक्टिव था। इसके बाद सीसीटीवी में हमें पहले आरोपित रितेश (20) के बारे में पता चला। उसने दूसरे आरोपित विकास (24) के बारे में बताया। विकास ने बच्चे के मुंह पर टेप लगाकर गला घोटकर हत्या की।

किशनगंज थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि दो आरोपित रितेश (20) और विकास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित रितेश रिश्ते में जितेंद्र चौहान का भांजा है। सीसीटीवी फुटेज में रितेश ही हर्ष का हाथ पकड़कर रेलवे पटरी के पास ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। गांव में भीड़ बढ़ती दिखाई दी तो रितेश ने अपने चचेरे भाई विकास को कॉल की। उसने विकास से कहा कि अब मामला बिगड़ गया है। गांव में बहुत भीड़ इकट्ठी हो गई है। फिर विकास भी उसके पास चला गया। उन्होंने बताया कि बाई ग्राम के जंगल में हर्ष का गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया था। दोनों ही आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

मामले में आईजी ग्रामीण राकेश गुप्ता ने बताया कि बच्चे को अगवा करने वाले करीबी रिश्तेदार हैं। एक आरोपित रितेश का मकान बच्चे के पिता ने बनवाया था। बच्चा उसके घर में ही खेलता था। आरोपितों ने तय कर लिया था कि बच्चे को मारना ही है, क्योंकि फिरौती मिल जाती तो भी बच्चा उनके बारे में बता देता। पुलिस ने सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सिविल अस्पताल से बच्चे का शव जब घर ले जाया गया तो परिजन और माता-पिता बिलख पड़े। हर्ष की अंतिम यात्रा में पूरे गांव के लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में घर से लेकर मुक्तिधाम तक लोगों की भीड़ नजर आई, जहां हर्ष का अंतिम संस्कार किया गया।