भदई में अवैध ईंट भट्ठा पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, संचालक पर कसा शिकंजा

  • Post By Admin on May 28 2025
भदई में अवैध ईंट भट्ठा पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, संचालक पर कसा शिकंजा

मुजफ्फरपुर : हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गांव में संचालित अवैध शिवम ईंट भट्ठा पर प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। यह कार्यवाही वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 की धारा 21 के तहत की गई है। भट्ठा के मालिक सतीश कुमार सिंह पर फर्जीवाड़े और पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष कुणाल कुमार सिंह उर्फ अंशु कुमार द्वारा 22 फरवरी 2025 को इस अवैध भट्ठा के खिलाफ जनशिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 10 अप्रैल 2025 को अधिकारियों ने स्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि सतीश सिंह ने दिनांक 24 अगस्त 2022 को आवेदन संख्या 6473923 के तहत फर्जी दस्तावेज और फोटो अपलोड कर पर्यावरण विभाग को गुमराह किया।

जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होते ही प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भट्ठा को सील कर दिया है और सतीश सिंह के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हालांकि ग्रामीणों में आशंका बनी हुई है कि पूर्व के मामलों की तरह सतीश सिंह इस बार भी धनबल और राजनीतिक दबाव के जरिए कार्यवाही से बच निकलेंगे।

गौरतलब है कि सतीश सिंह पूर्व में गुदरी साहनी हत्याकांड में नामजद अभियुक्त रह चुके हैं। इसके अलावा, उन पर भू-माफिया के रूप में जमीन पर अवैध कब्जे के कई गंभीर आरोप भी लग चुके हैं। हाल ही में बिहार शिक्षा सेवा के राजपत्रित अधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने भी जिलाधिकारी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सतीश सिंह, भूमाफिया रामबाबू सिंह के साथ मिलकर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासनिक कार्यवाही के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस बार सतीश सिंह को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।