अमेरिकी F-35 से लेकर राफेल तक, जोधपुर में वायुसेना का मेगा शक्ति प्रदर्शन
- Post By Admin on Sep 22 2026
नई दिल्ली : भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित बहुदेशीय हवाई युद्धाभ्यास "तरंग शक्ति" के दूसरे संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं। राजस्थान स्थित जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस मेगा अभ्यास में अमेरिका और फ्रांस सहित 40 से अधिक देशों की वायुसेनाएं अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगी।
इस अभ्यास में विभिन्न देशों के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों, परिवहन बेड़ों और विविध हवाई साजो-सामान का बड़ा जमावड़ा देखने को मिलेगा। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना अपनी पांचवीं पीढ़ी के दो से तीन F-35 स्टील्थ फाइटर जेट्स के साथ इसमें शामिल होगी। वहीं, फ्रांस अपने उन्नत राफेल लड़ाकू विमानों और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) अपने F-16 विमानों के साथ भारतीय आकाश में युद्धाभ्यास करेंगे।
यह बहुपक्षीय अभ्यास भारत और जापान के बीच जोधपुर एयरबेस पर ही संपन्न हुए द्विपक्षीय हवाई युद्धाभ्यास "वीर गार्डियन" के तुरंत बाद आयोजित किया जा रहा है। मेजबान भारतीय वायुसेना इस अभ्यास में अपने प्रमुख अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों, विशेष रूप से राफेल और सुखोई-30 MKI को मैदान में उतारेगी। इसके अतिरिक्त, मिशन को मजबूती देने के लिए एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) एयरक्राफ्ट, भारी परिवहन विमान और हवा में ही ईंधन भरने वाले टैंकर विमान भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
वर्ष 2024 में अपने सफल पहले संस्करण के बाद, तरंग शक्ति का यह दूसरा चरण वैश्विक वायुसेनाओं के बीच रणनीतिक तालमेल, अंतर-संचालन क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी) और रक्षा सहयोग को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।