नई दिल्ली : एअर इंडिया की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली से वियना जा रही फ्लाइट AI-187 में 14 जून को टेकऑफ के तुरंत बाद एक बड़ा तकनीकी खतरा पैदा हो गया, जब बोइंग 777 विमान हवा में अचानक 900 फीट नीचे आ गया। इस सुरक्षा संकट के बाद, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने दोनों पायलटों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और एअर इंडिया के सेफ्टी चीफ को तलब किया गया है।

क्या हुआ था 14 जून की सुबह?

फ्लाइट AI-187 ने रात 2:56 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से वियना के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर विमान ने अचानक ऊंचाई खो दी, जिससे कॉकपिट में ‘स्टॉल’ और 'ग्राउंड प्रॉक्सिमिटी वॉर्निंग सिस्टम' अलर्ट होने लगे। पायलटों को कई बार "Don't Sink" (नीचे मत जाओ) चेतावनी मिली। हालांकि पायलटों ने विमान को स्थिर कर उड़ान जारी रखी और विमान 9 घंटे 8 मिनट बाद सुरक्षित वियना पहुंच गया।

DGCA का सख्त रुख

घटना की जानकारी मिलते ही DGCA ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पायलटों को ग्राउंड कर दिया। साथ ही सेफ्टी डिपार्टमेंट के चीफ से स्पष्टीकरण मांगा है। विमान से रिकॉर्ड किए गए डेटा के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। DGCA यह पता लगाने में जुटा है कि हादसे की वजह पायलट की चूक, तकनीकी खामी या मौसम की खराबी थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवाल

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब 12 जून को अहमदाबाद में हुई एक भीषण विमान दुर्घटना में लंदन जा रही ड्रीमलाइनर फ्लाइट क्रैश हो गई थी, जिसमें करीब 270 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद DGCA के हालिया ऑडिट में भी एअर इंडिया के विमान रखरखाव में गंभीर खामियों की बात सामने आई थी।

क्या बदलेंगे एयरलाइन के प्रोटोकॉल?

विशेषज्ञों का मानना है कि वियना फ्लाइट की घटना और हालिया हादसों के बाद एअर इंडिया को अपने सुरक्षा मानकों में व्यापक बदलाव करने होंगे। DGCA की जांच रिपोर्ट के आधार पर संभावित रूप से एअरलाइन की संचालन प्रणाली, पायलट प्रशिक्षण और विमान रखरखाव प्रक्रिया में सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता

एअर इंडिया ने बयान में कहा है कि "पायलटों ने स्थिति को नियंत्रित कर उड़ान को सुरक्षित अंजाम तक पहुंचाया।" लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं ने यात्रियों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।