पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी सहित वरिष्ठ नेताओं ने व्यक्त किया शोक

  • Post By Admin on Dec 12 2025
पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी सहित वरिष्ठ नेताओं ने व्यक्त किया शोक

नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह लातूर स्थित उनके आवास “देववर” में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पीएम मोदी बोले—“अनुभवी और समाजहित के प्रति समर्पित नेता”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि पाटिल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर और लोकसभा के स्पीकर के रूप में समाजहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मोदी ने बताया कि कुछ महीने पहले ही उनकी पाटिल से मुलाकात हुई थी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमित शाह ने समर्पित सेवा को किया याद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि शिवराज पाटिल अपनी गहरी समझ, संतुलित राजनीतिक दृष्टि और समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे। शाह ने परिवार और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

राजनाथ सिंह ने कहा—“देश की प्रगति में निभाई प्रभावी भूमिका”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाटिल को अनुभवी और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध नेता बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिम्मेदारियों पर रहते हुए पाटिल ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पीवीएन माधव ने पाटिल को “गरिमामय राजनेता और उच्च नैतिक मानकों वाले प्रशासक” बताया। उन्होंने कहा कि पाटिल की दशकों लंबी सार्वजनिक सेवा, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण उन्हें राजनीतिक सीमाओं से परे सम्मान दिलाता है। उन्होंने भगवान सत्य साईं बाबा प्रति पाटिल की गहरी भक्ति को भी याद किया।

महाराष्ट्र सरकार ने जताया दुख

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि पाटिल के निधन से भारतीय राजनीति ने एक सुसंस्कृत, सादगीपूर्ण और विद्वान नेता खो दिया है। उन्होंने बताया कि लोकसभा स्पीकर के रूप में पाटिल ने संसदीय कार्यवाही के आधुनिकीकरण और सीधा प्रसारण की महत्वपूर्ण पहलें कीं। उनके कार्यकाल में ‘उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार’ की शुरुआत भी हुई थी।

सार्वजनिक जीवन की मिसाल

शिवराज पाटिल का सार्वजनिक जीवन सादगी, नैतिकता और जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है। उच्च संवैधानिक पदों पर रहते हुए उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर फैल गई है।