पीएम मोदी ने किया नए पीएमओ का लोकार्पण, सेवा तीर्थ बना सरकार का नया पता
- Post By Admin on Feb 13 2026
नई दिल्ली : देश की प्रशासनिक व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव के तहत अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) नए हाईटेक परिसर ‘सेवा तीर्थ’ से संचालित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ भवन परिसर का औपचारिक उद्घाटन किया और इसका नामकरण अनावरण भी किया।
उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री ने सेवा तीर्थ के साथ-साथ कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का भी लोकार्पण किया। इसके बाद पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह नया प्रशासनिक केंद्र देश की शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तेज और नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
सेवा तीर्थ में अब प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी एक ही परिसर में कार्य कर रहे हैं, जो पहले अलग-अलग स्थानों पर स्थित थे। वहीं कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय सहित कई प्रमुख मंत्रालयों के कार्यालय स्थापित किए गए हैं।
अब तक सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में मंत्रालयों और प्रमुख सरकारी कार्यालयों के अलग-अलग स्थानों पर होने से प्रशासनिक समन्वय में दिक्कतें आती थीं और परिचालन लागत भी अधिक थी। नए एकीकृत परिसर के चालू होने से इन समस्याओं का समाधान हो गया है और अब सभी प्रमुख विभाग एक ही हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत काम कर रहे हैं।
सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन परिसरों को पूरी तरह डिजिटल रूप से एकीकृत किया गया है। यहां स्मार्ट ऑफिस सिस्टम, सुव्यवस्थित सार्वजनिक संपर्क क्षेत्र और केंद्रीकृत स्वागत सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ी है और नागरिकों के काम भी तेजी से हो रहे हैं।
ये भवन 4-स्टार जीआरआईएचए मानकों के अनुरूप बनाए गए हैं, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और ऊर्जा दक्ष संरचनाएं शामिल हैं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि सरकारी कामकाज भी अधिक टिकाऊ और भविष्य के अनुरूप बन गया है।
सुरक्षा के लिहाज से भी सेवा तीर्थ परिसर अत्याधुनिक है, जहां स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, आधुनिक निगरानी नेटवर्क और उन्नत आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली लागू की गई है। इससे अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए एक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक प्रशासनिक वातावरण सुनिश्चित हो गया है।