सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती शेख अब्दुलअजीज के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
- Post By Admin on Sep 24 2025
.jpg)
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती और वरिष्ठ विद्वानों की परिषद के प्रमुख शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल अलशेख के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में भारत सऊदी अरब और उसके नागरिकों के साथ खड़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल अलशेख के दुखद निधन पर गहरी संवेदना। इस दुख की घड़ी में हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं सऊदी अरब और उसके लोगों के साथ हैं।”
गौरतलब है कि शेख अब्दुलअजीज का मंगलवार को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सऊदी शाही दरबार ने सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के माध्यम से उनके निधन की पुष्टि की।
30 नवंबर 1943 को मक्का में जन्मे शेख अब्दुलअजीज 7 वर्ष की आयु में अनाथ हो गए थे। कम उम्र में ही उन्होंने कुरान याद कर लिया था। 20 वर्ष की आयु में दृष्टिहीन होने के बावजूद उन्होंने धार्मिक शिक्षा जारी रखी और आगे चलकर शरिया की उच्च शिक्षा हासिल की।
उन्होंने सऊदी विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक परिषदों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1999 में उन्हें देश का ग्रैंड मुफ्ती नियुक्त किया गया। इसके बाद वे सऊदी अरब के सर्वोच्च धार्मिक प्राधिकारी बने और अपने फतवों और मार्गदर्शन से दो दशकों से अधिक समय तक सऊदी समाज और न्यायिक व्यवस्था को दिशा देते रहे।
शेख की जनाजे की नमाज अस्र की नमाज के बाद रियाद स्थित इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद में अदा की जाएगी। शाही आदेश के अनुसार, मक्का की ग्रैंड मस्जिद, मदीना और अन्य मस्जिदों में भी जनाजे की नमाज पढ़ी जाएगी।