तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं : दूतावास हमले पर भारत सख्त, कार्यवाही की मांग

  • Post By Admin on Jan 23 2026
तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं : दूतावास हमले पर भारत सख्त, कार्यवाही की मांग

नई दिल्ली : क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब स्थित भारतीय दूतावास परिसर में हुई तोड़फोड़ और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान की घटना पर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों और वियना कन्वेंशन का खुला उल्लंघन बताया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत विरोधी तत्वों ने दूतावास परिसर के बाहर लगे तिरंगे को हटाकर वहां दूसरा झंडा लगाने की शर्मनाक कोशिश की। मंत्रालय ने इस हरकत को न केवल गैरकानूनी बल्कि अत्यंत घिनौना करार दिया है। भारत सरकार ने यह मामला क्रोएशियाई अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से उठाया है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया है कि कुछ भारत विरोधी (खालिस्तानी समर्थक) लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह कृत्य न सिर्फ भारत की संप्रभुता और सम्मान पर चोट है, बल्कि राजनयिक संस्थानों की सुरक्षा को चुनौती देने वाला भी है।

भारत सरकार ने वियना कन्वेंशन का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी देश में स्थित विदेशी दूतावासों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उस मेजबान देश की जिम्मेदारी होती है। मंत्रालय ने कहा कि दूतावासों की गरिमा और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भारत सरकार ने उम्मीद जताई है कि क्रोएशियाई सरकार दूतावास की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी ऐसे चरमपंथी तत्वों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है, जो राजनयिक संस्थानों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।