भारत ने बढ़ाई सैन्य शक्ति, अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल ने साधा सटीक निशाना
- Post By Admin on May 23 2026
नई दिल्ली : भारत ने स्वदेशी अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण कर अपनी सामरिक ताकत का एक बार फिर प्रदर्शन किया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से अग्नि-1 मिसाइल का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण शाम 6:30 बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया।
अग्नि-1 एक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है, जो परमाणु और पारंपरिक दोनों प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है। इसकी मारक क्षमता 700 से 1200 किलोमीटर तक बताई गई है, जिससे पूरा पाकिस्तान इसकी जद में आता है। माना जा रहा है कि यह परीक्षण हाल के दिनों में पाकिस्तान द्वारा फतह मिसाइल परीक्षणों के जवाब के रूप में भी देखा जा रहा है। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस सफल परीक्षण के साथ भारत ने एक बार फिर एक ही मिसाइल प्रणाली के माध्यम से कई रणनीतिक लक्ष्यों को साधने की अपनी क्षमता प्रदर्शित की है। मिसाइल का विकास डीआरडीओ की विभिन्न प्रयोगशालाओं ने देशभर के औद्योगिक सहयोग के साथ किया है।
परीक्षण के दौरान डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों की मौजूदगी रही। मिसाइल ने अपने निर्धारित मार्ग का सफलतापूर्वक पालन किया और तय लक्ष्य को सटीकता के साथ भेदा। इस दौरान मिसाइल की सभी तकनीकी और परिचालन क्षमताओं की जांच की गई, जो पूरी तरह सफल पाई गईं। इस सफल परीक्षण के बाद भारत की सामरिक तैयारियों और अग्नि-1 मिसाइल प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर एक बार फिर पुष्टि हुई है।