गैस लीक की इमरजेंसी सेवा अब 24×7 उपलब्ध, 1906 पर कॉल कर पाइप लीकेज समस्या का पाएं समाधान

  • Post By Admin on Nov 15 2024
गैस लीक की इमरजेंसी सेवा अब 24×7 उपलब्ध, 1906 पर कॉल कर पाइप लीकेज समस्या का पाएं समाधान

नई दिल्ली : सभी एलपीजी उपभोक्ताओं और विशेषकर महिला समूहों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। हाल ही में एक महिला उपभोक्ता को गैस सिलेंडर से गैस लीक होने की समस्या का सामना करना पड़ा जिसके बाद उन्होंने अपने अनुभव से एक उपयोगी जानकारी साझा की है। जो अब सभी उपभोक्ताओं के लिए राहत का कारण बन सकती है।

गैस लीकेज के समय त्वरित समाधान:
उपभोक्ता ने बताया कि जब उन्हें गैस सिलेंडर बदलते समय गैस लीक होने का आभास हुआ, तो उन्होंने सुरक्षा के तहत सिलेंडर का नॉब बंद कर दिया और गैस एजेंसी से संपर्क किया लेकिन रविवार होने के कारण एजेंसी से कोई मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने गूगल पर “गैस लीकेज इमरजेंसी” नंबर सर्च किया तब उन्हें 1906 पर कॉल करने का सुझाव मिला।

1906 पर कॉल करें और पाएं तत्काल सहायता :
जब उपभोक्ता ने 1906 पर कॉल किया, तो वहां एक कर्मचारी ने उनकी समस्या सुनकर जवाब दिया कि एक घंटे के भीतर सर्विस मैन उनके घर पहुंचेगा। इसके बाद कुछ ही देर में एक तकनीशियन उनके घर पहुंचा और सिलेंडर के अंदर लगे वॉशर को बदलकर गैस लीक की समस्या को हल कर दिया।

निशुल्क सेवा और सरकारी समर्थन:
महिला उपभोक्ता ने जब सर्विस मैन को पैसे देने की कोशिश की, तो उसने विनम्रता से पैसे लेने से इंकार कर दिया और बताया कि यह सेवा केंद्र सरकार द्वारा निशुल्क प्रदान की जा रही है। इतना ही नहीं, आधे घंटे के भीतर ही पुनः कर्मचारी ने फोन कर यह सुनिश्चित किया कि समस्या सही से हल हो गई है या नहीं।

24×7 उपलब्धता:
गूगल पर फैक्ट चेक करने पर यह जानकारी मिली कि यह सुविधा services.india.gov.in पर 24×7 उपलब्ध है और यह सभी गैस कंपनियों से संबंधित है। इस सेवा के जरिए उपभोक्ता गैस लीक जैसी किसी भी इमरजेंसी स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं और उन्हें इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ता है।

संदेश साझा करें:
महिला उपभोक्ता ने सभी से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिचितों और ग्रुपों में जरूर साझा करें, ताकि गैस लीक जैसी समस्याओं का सामना कर रहे अन्य उपभोक्ता भी समय पर मदद ले सकें और किसी भी दुर्घटना से बच सकें। यह सेवा न केवल उपभोक्ताओं के लिए एक राहत है बल्कि यह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण सरकारी पहल भी है। जो सभी एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध है।