केन्द्र सरकार ने साइबर फ्रॉड पर कसा नकेल, 6 लाख मोबाईल फोन बंद
- Post By Admin on Sep 25 2024

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने साइबर फ्रॉड पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने 6 लाख से अधिक मोबाइल फोन कनेक्शन बंद कर दिए हैं, जो फर्जी तरीके से इस्तेमाल हो रहे थे। साथ ही हजारों URLs को भी ब्लॉक किया गया है I जो साइबर अपराध या धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
एमएचए के साइबर विंग के आदेश पर 65 हजार साइबर फ्रॉड करने वाले यूआरएल को ब्लॉक किया गया है। खबरों के मुताबिक साइबर फ्रॉड में लिप्त करीब 800 एप्लिकेशन्स को भी ब्लॉक किया गया है। बता दें कि साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए गृह मंत्रालय के 14-सी विंग लगातार बड़े कदम उठा रहा है।
जानकारी के मुताबिक 2023 में NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) को 1 लाख से ज़्यादा इन्वेस्टमेंट स्कैम्स की शिकायतें मिली हैं। पूरे देश में इससे संबंधित करीब 17 हजार FIR दर्ज की गई हैं। जनवरी 2024 से सितंबर 2024 तक डिजिटल अरेस्ट की 6000, ट्रेडिंग स्कैम की 20,043, इन्वेस्टमेंट स्कैम की 62,687 और डेटिंग स्कैम की 1725 शिकायतें मिली हैं।
इस कार्रवाई का उद्देश्य देश में डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करना और साइबर अपराध को कम करना है। यह कदम उन मामलों पर आधारित है जहां फोन नंबरों और इंटरनेट लिंक का उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था। इसके साथ ही, टेलीकॉम कंपनियों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि ऐसे मामलों पर नियंत्रण पाया जा सके।
साइबर विंग ने क्या-क्या लिया एक्शन
1. पिछले 4 महीनों में 3.25 लाख Mule Accounts (फ्रॉड करने वाले अकाउंट्स) डेबिट फ्रीज।
2. साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले 3401 सोशल मीडिया, वेबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप बंद।
3. पिछले कुछ वर्षों में साइबर फ्रॉड के चलते 2800 करोड़ बचाए गए।
4. MHA ने 8 लाख 50 हज़ार साइबर विक्टिम को फ्रॉड से बचाया।
सरकार की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और आम जनता को डिजिटल लेनदेन में अधिक सुरक्षा मिलेगी