रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर श्रद्धा का उत्सव, राष्ट्रीय नेताओं ने दी शुभकामनाएं

  • Post By Admin on Dec 31 2025
रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर श्रद्धा का उत्सव, राष्ट्रीय नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली : अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे सांस्कृतिक चेतना और आस्था के पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि इसी शुभ तिथि पर दो वर्ष पूर्व 500 वर्षों की प्रतीक्षा का अंत हुआ था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। उन्होंने इसे प्रभु श्रीराम के आदर्शों, जीवन मूल्यों और सांस्कृतिक स्वाभिमान की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े सभी बलिदानियों को नमन किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पावन अवसर पर भावुक संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या आज भारत की चेतना के उत्कर्ष की साक्षी बन रही है। उन्होंने कहा कि श्री रामलला का भव्य और दिव्य रूप में विराजमान होना सदियों के संघर्ष और वेदना के अंत का प्रतीक है। सीएम योगी ने इसे संतों के आशीर्वाद, अनेक पीढ़ियों के तप और 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की परिणति बताया।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने प्रत्येक रामभक्त के हृदय में संतोष और गौरव का भाव भरा है, और यह क्षण भारत की सांस्कृतिक यात्रा में मील का पत्थर है।

इस मौके पर भाजपा सांसद संजय सेठ ने भी राम मंदिर आंदोलन को आधुनिक भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान का जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2020 के भूमि पूजन से लेकर 22 जनवरी 2024 की प्राण-प्रतिष्ठा तक की यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।

संजय सेठ ने देशवासियों से अपील की कि वे इस अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्प लें।