पुतिन के आगमन से पहले राजधानी में हाई अलर्ट, दो दिवसीय भारत दौरे का पूरा रोडमैप जारी

  • Post By Admin on Dec 04 2025
पुतिन के आगमन से पहले राजधानी में हाई अलर्ट, दो दिवसीय भारत दौरे का पूरा रोडमैप जारी

नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गुरुवार (4 दिसंबर) से शुरू होने वाले दो दिवसीय भारत दौरे को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। चार साल बाद पुतिन की यह भारत यात्रा कई मायनों में अहम मानी जा रही है, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा।

पुतिन का 30 घंटे का यह दौरा 4 दिसंबर की शाम से शुरू होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उनका स्वागत करेंगे। उनके आगमन के तुरंत बाद शाम 7 बजे प्रधानमंत्री मोदी की ओर से एक विशेष प्राइवेट डिनर का आयोजन किया जाएगा।

दौरे के दूसरे दिन यानी 5 दिसंबर को दोनों नेताओं के बीच विस्तृत वार्ता होगी। राष्ट्रपति पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद वह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में 23वीं वार्षिक भारत-रूस द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन की शुरुआत होगी।

बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, तकनीक, अंतरिक्ष और रणनीतिक साझेदारी जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। वार्ता के बाद दोनों देशों की ओर से संयुक्त बयान भी जारी किया जाएगा।

दोपहर 4 बजे दोनों नेता भारत मंडपम में होने वाले भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे, जहां आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में डिनर आयोजित करेंगी, जिसके बाद वह भारत से रवाना हो जाएंगे।

इसी बीच रूस ने पुतिन के दौरे से ठीक पहले भारत के साथ एक अहम रक्षा-लॉजिस्टिक समझौते को मंजूरी देकर दोनों देशों की रणनीतिक नजदीकियों पर मुहर लगा दी है। रूस की ड्यूमा ने ‘रेसिप्रोकल एक्सचेंज ऑफ लॉजिस्टिक सपोर्ट’ (RELOS) समझौते को मंजूरी दे दी है। इस समझौते के तहत दोनों देश एक-दूसरे के सैन्य अड्डों, बंदरगाहों, एयरफील्ड और विभिन्न सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। साथ ही दोनों पक्ष संबंधित खर्च साझा करेंगे।

पुतिन का यह दौरा भारत-रूस संबंधों को एक नई दिशा देने वाला माना जा रहा है, जिसके बहुआयामी रणनीतिक नतीजे आने वाले दिनों में दिखाई दे सकते हैं।