लखीसराय संग्रहालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव कल से, पाँच विधाओं में होगी कड़ी स्पर्धा

  • Post By Admin on Oct 24 2026
लखीसराय संग्रहालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव कल से, पाँच विधाओं में होगी कड़ी स्पर्धा

लखीसराय :;कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय 'जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026' का आयोजन 26 और 27 अक्टूबर को बालगुदर स्थित लखीसराय संग्रहालय में किया जाएगा। इस सांस्कृतिक उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें जिले के तमाम सरकारी व निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य इच्छुक स्वतंत्र युवा भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर 23 अक्टूबर तक जमा करने की समय-सीमा तय की गई थी।

दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान कुल पाँच विधाओं में प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार पहले दिन यानी 26 अक्टूबर को समूह लोकनृत्य और चित्रकला की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं दूसरे दिन 27 अक्टूबर को समूह लोकगायन, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन का मंच सजेगा।

प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समूह लोकनृत्य और समूह लोकगायन दोनों के लिए 5 से 8 मिनट का समय और 5 मिनट मंच सज्जा के लिए निर्धारित है। इन दोनों स्पर्धाओं में 10 सदस्यीय दल (7 मुख्य व 3 सहायक कलाकार, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष हो) भाग ले सकते हैं। दोनों ही प्रस्तुतियों में भारतीय लोक परंपरा का पालन अनिवार्य रखा गया है, जबकि फिल्मी संगीत, रीमिक्स, इलेक्ट्रॉनिक वाद्ययंत्र और पूर्व-रिकॉर्डेड संगीत के प्रयोग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।

चित्रकला प्रतियोगिता व्यक्तिगत वर्ग में 5 घंटे तक चलेगी, जिसमें प्रतिभागी पेंसिल, एक्रेलिक, वाटर कलर या क्रेयॉन का प्रयोग कर सकेंगे, लेकिन किसी ब्रांड अथवा विशेष संगठन का चित्रण मान्य नहीं होगा। पेंटिंग के बाद 20 से 30 शब्दों का कैप्शन लिखकर चित्र को 'माई भारत पोर्टल' पर अपलोड करना आवश्यक है। कविता लेखन के लिए डेढ़ घंटे का समय मिलेगा, जिसमें मौके पर दिए गए विषय पर प्रतिभागियों को हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में अपनी मौलिक रचना लिखकर उसकी तस्वीर 'माई भारत पोर्टल' पर अपलोड करनी होगी। वहीं नुक्कड़ नाटक अधिकतम 7 मिनट का होगा, जिसके लिए 15 से 29 आयु वर्ग के 10 कलाकारों का दल 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान' विषय पर अपनी प्रस्तुति देगा।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, लखीसराय के अनुसार इन सभी पाँचों विधाओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में लखीसराय जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।