खेल भवन पहुंचे लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार, गंदगी और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
- Post By Admin on Oct 24 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शनिवार सुबह करीब आठ बजे गांधी मैदान स्थित खेल भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल भवन के आंतरिक और बाहरी परिसर का जायजा लेते हुए वहां मौजूद सुविधाओं और खेल व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बाहरी परिसर में गंदगी और निर्माण सामग्रियों के यत्र-तत्र बिखरे होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि परिसर को पूरी तरह स्वच्छ रखा जाए और अनावश्यक रूप से कोई भी सामग्री इधर-उधर न छोड़ी जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने खेल भवन के अंदर संचालित जिम का भी बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान पांच जिम उपकरण खराब और अव्यवस्थित पाए गए, जिन्हें तुरंत दुरुस्त कराने का निर्देश उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को दिया। साथ ही उन्होंने सभी खेल उपकरणों की नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने को कहा।
जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि खेल भवन जिले के युवाओं और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां स्वच्छता, सुव्यवस्था और आधुनिक संसाधनों की उचित देखरेख पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि खेल भवन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।