विश्व पोलियो दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, प्रति व्यक्ति 10 पौधे लगाने का दिया संदेश
- Post By Admin on Oct 24 2026
लखीसराय : नया बाजार स्थित केआरके मैदान परिसर में विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर शनिवार को पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण प्रहरी अमित कुमार मल्लिक के नेतृत्व में आम और जामुन के पांच फलदार पौधे लगाए गए, जिसमें हिमालय ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धरती पर प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रति व्यक्ति 422 पेड़ अनिवार्य हैं, लेकिन तेजी से बढ़ती जनसंख्या के कारण भारत में अब प्रति व्यक्ति केवल 28 पेड़ ही बचे हैं। पेड़ों की भारी कमी के कारण मानव समाज को लगातार प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में चीन अधिकृत तिब्बत में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी विभीषिकाओं से बचाव के लिए दुनिया के हर नागरिक को अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए, क्योंकि विज्ञान के पास भी इसका कोई अन्य विकल्प नहीं है।
विश्व पोलियो दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर का दिन पोलियो उन्मूलन वैक्सीन की खोज करने वाले अमेरिकी वैज्ञानिक डॉक्टर जोनास एडवर्ड साल्क के सम्मान में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य पोलियो उन्मूलन में जनभागीदारी बढ़ाना और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत अवसर पर जीवनदायी वृक्ष लगाना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इस पौधारोपण अभियान में अमित कुमार मल्लिक, रणजीत महतो, हिमालय, सत्येंद्र कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, अशोक कुमार शर्मा और विवेक जोशी समेत कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।