केरल, असम और पुडुचेरी में मतदान जारी, शुरुआती घंटों में असम ने पकड़ी बढ़त
- Post By Admin on Apr 09 2026
नई दिल्ली : केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। शुरुआती चार घंटों के रुझान में असम में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि केरल में अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक असम में 38.92 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं पुडुचेरी में 37.06 प्रतिशत और केरल में 33.28 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
केरल में 140 विधानसभा सीटों के लिए कुल 883 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, यानी प्रत्येक सीट पर औसतन छह से सात प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में लगभग 2.7 करोड़ मतदाता हैं, जिनके लिए 30 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां मुख्य रूप से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बीच मुकाबला है।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यानम क्षेत्रों को मिलाकर कुल 30 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। यहां 9.50 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 24,919 मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं। चुनाव मैदान में कुल 294 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वर्तमान में यहां ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में है, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री एन. रंगासामी कर रहे हैं और उसे भारतीय जनता पार्टी का समर्थन प्राप्त है।
असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव हो रहा है, जिसमें कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 59 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। राज्य में लगभग 2.5 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं और मतदान के लिए 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह चुनाव 2023 में हुए परिसीमन के बाद पहला विधानसभा चुनाव है।
असम में भारतीय जनता पार्टी अपनी सत्ता बरकरार रखने के प्रयास में है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। तीनों राज्यों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।