महाराष्ट्र चुनाव: फहाद अहमद को 3378 वोटों से हार, सना मलिक की जीत

  • Post By Admin on Nov 23 2024
महाराष्ट्र चुनाव: फहाद अहमद को 3378 वोटों से हार, सना मलिक की जीत

मुंबई : महाराष्ट्र की अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति और एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रत्याशी फहाद अहमद को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें एनसीपी (अजित पवार गुट) की प्रत्याशी सना मलिक ने 3378 वोटों से हराया। सना मलिक को इस सीट पर 49341 वोट मिले और फहाद अहमद को 45963 वोट मिले। इसके अलावा तीसरे नंबर पर मनसे प्रत्याशी आचार्य नवीन विद्याधर रहे, उन्हें इस सीट पर 28362 वोट मिले।

फहाद अहमद ने उठाए सवाल:
चुनाव परिणाम पर फहाद अहमद ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि 16वें राउंड तक बढ़त में रहने के बावजूद अंतिम राउंड में परिणाम उनके खिलाफ कैसे आया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
"99% चार्ज हो चुकी EVM मशीनें खोलने के बाद परिणाम अचानक बदल गया। हम अंतिम राउंड की फिर से गिनती की मांग करते हैं।"

स्वरा भास्कर का आरोप:
स्वरा भास्कर ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए लिखा, "पूरा दिन वोटिंग के बावजूद EVM 99% चार्ज कैसे हो सकती है? जैसे ही 99% चार्ज मशीने खोली गईं, बीजेपी समर्थित एनसीपी को वोट मिलने लगे। इलेक्शन कमीशन को जवाब देना चाहिए।"

महायुति की वापसी:
इस चुनाव में महायुति (बीजेपी-शिवसेना-एनसीपी अजित पवार गुट) का दबदबा फिर से कायम हो रहा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महायुति की जीत का जश्न मनाया और इसे जनता का विश्वास बताया।

राजनीतिक तनाव बढ़ा:
फहाद अहमद और स्वरा भास्कर के आरोपों ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग इस मामले पर क्या कदम उठाता है।