गुजरात उपचुनाव : मांजलपुर में बीजेपी की धमाकेदार जीत, कांग्रेस 30,630 वोटों से पराजित

  • Post By Admin on Aug 03 2026
गुजरात उपचुनाव : मांजलपुर में बीजेपी की धमाकेदार जीत, कांग्रेस 30,630 वोटों से पराजित

वडोदरा : गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की है। मतगणना पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल (सतीश पटेल) ने कांग्रेस प्रत्याशी भिखाभाई रबारी को 30,630 मतों के भारी अंतर से पराजित कर सीट बरकरार रखी।

मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। यह सीट बीजेपी के वरिष्ठ विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। उपचुनाव के लिए कुल 260 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 37.5 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शुरुआती दौर से ही बीजेपी उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल बढ़त बनाए हुए थे और जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, उनकी बढ़त लगातार मजबूत होती गई। अंततः उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराकर निर्णायक जीत हासिल की। इस जीत के साथ मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी का वर्चस्व कायम रहा है।

परिणाम घोषित होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया। बीजेपी नेताओं ने इस विजय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार की नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया है। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने का भरोसा भी जताया गया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस को इस उपचुनाव में निराशा हाथ लगी है। पार्टी नेताओं ने हार के कारणों की समीक्षा करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मांजलपुर में बीजेपी की यह जीत आगामी चुनावी रणनीतियों के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है।