लोकसभा के साथ चार राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव, चुनाव आयोग ने किया ऐलान
- Post By Admin on Mar 16 2024

नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने आज अगली लोकसभा के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से सात चरण में होंगे। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है जहां मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उसमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा शामिल हैं। इसके अलावा 26 विधानसभा क्षेत्रों पर उपचुनाव भी होने हैं जो 13 राज्यों में स्थित हैं।
अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 19 अप्रैल को मतदान होंगे। वहीं आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 13 मई 2024 को मतदान होंगे। इन सब राज्यों में मतगणना 4 जून को होगी। इसी दिन लोकसभा चुनाव में पड़े मतों की भी गणना होनी है।
मतदान की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही पूरे देश में आचार संहिता भी लागू हो गई है। आचार संहिता चुनाव के नतीजे आने तक लागू रहेगी। इस दौरान राजनीतिक दलों पर कई तरह की पाबंदियां रहेंगी। इस दौरान संबंधित सरकार भी किसी नई योजना का ऐलान नहीं कर सकती है।