क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस, जानें इसके मनाने का उद्देश्य और इतिहास
- Post By Admin on Jan 24 2025

हर साल 24 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाने का उद्देश्य शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना है। यह समाज की शांति और विकास में अहम भूमिका निभाती है। 2019 से मनाए जा रहे इस दिवस को लेकर हर साल एक खास थीम रखी जाती है। 2025 में इस दिन की थीम है 'एआई और शिक्षा: स्वचालन की दुनिया में मानव एजेंसी को संरक्षित करना’। यह थीम शिक्षा और तकनीकी दुनिया में तेजी से बढ़ते AI और स्वचालन के प्रभाव पर विचार करती है।
इतिहास और महत्व:
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस का उद्घाटन 3 दिसंबर 2018 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा एक प्रस्ताव पारित करने के बाद हुआ था। जिसके बाद 24 जनवरी 2019 को पहला अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया गया। इस दिन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षा दुनिया के हर कोने में सभी के लिए समान रूप से सुलभ हो और यह संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 4 (SDG 4) के तहत आता है। यह समावेशी, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता को प्रकट करता है।
2025 की थीम का संदेश:
2025 में निर्धारित की गई थीम "एआई और शिक्षा: स्वचालन की दुनिया में मानव एजेंसी को संरक्षित करना" इस बात को स्पष्ट करती है कि जैसे-जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वचालन तकनीकें तेजी से विकसित हो रही हैं। वैसे शिक्षा प्रणालियों को इन बदलावों के साथ तालमेल बिठाने की आवश्यकता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि हम शिक्षा के माध्यम से समाज को तैयार करें, ताकि लोग तकनीकी बदलावों का सही तरीके से सामना कर सकें और उन बदलावों के साथ अपनी सोच और निर्णय क्षमता को भी बनाए रखें।
तकनीकी बदलाव और शिक्षा:
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस 2025 के तहत यह संदेश दिया जाएगा कि शिक्षा को इस नई तकनीकी दुनिया के अनुरूप ढालना होगा, ताकि लोग एआई और अन्य स्वचालित तकनीकों के प्रभाव को समझ सकें और उनसे सही तरीके से लाभ उठा सकें। यह थीम इस बारे में भी सोचने की प्रेरणा देती है कि किस तरह हम तकनीक को इंसान की सोच, निर्णय क्षमता और कार्यों के नियंत्रण में रखते हुए उसे समाज के विकास में सकारात्मक रूप से इस्तेमाल कर सकते हैं।
समाज में शिक्षा का महत्व:
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 4 का हिस्सा है जो सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और समान शिक्षा की आवश्यकता पर जोर देता है। यह दिन दुनिया भर में शिक्षा के महत्व को समझाने, शिक्षा प्रणालियों को बेहतर बनाने और शिक्षण पद्धतियों को नए विचारों के साथ सुसंगत करने के लिए एक अवसर प्रदान करता है।
कैसे मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस?
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस को दुनियाभर में विभिन्न शैक्षिक संगठनों, स्कूलों और कॉलेजों द्वारा मनाया जाता है। इस दिन पर कई कार्यक्रम, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। जिनमें तकनीकी, सामाजिक और शिक्षा से संबंधित बदलावों पर चर्चा की जाती है। इसके अलावा, समावेशी और समान शिक्षा की आवश्यकता को बढ़ावा देने के लिए अभियान और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस दिन का उद्देश्य यह भी है कि सरकारें, संगठन और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े सभी लोग मिलकर काम करें ताकि शिक्षा को सभी के लिए सुलभ, प्रासंगिक और उन्नत बनाया जा सके। खासकर डिजिटल और एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच।