सुनील लहरी ने दिखाया रामायण की उर्मिला का मॉडर्न अवतार, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
- Post By Admin on Jan 06 2025

मुंबई : रामानंद सागर के पौराणिक धारावाहिक रामायण के किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं। शो में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के किरदार निभाने वाले कलाकारों की छवि भारतीय संस्कृति और मर्यादा का प्रतीक मानी जाती है। इन्हीं किरदारों में लक्ष्मण का रोल निभाने वाले सुनील लहरी अक्सर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और फैंस से जुड़े रहते हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसे देखकर उनके फैंस हैरान रह गए।
उर्मिला का मॉडर्न अवतार दिखाने पर विवाद
सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने रामायण में उर्मिला का किरदार निभाने वाली अंजलि को मॉडर्न अंदाज में पेश किया। वीडियो में अंजलि ब्लैक कलर की शॉर्ट ड्रेस पहनकर डांस करती नजर आईं। इस वीडियो को शेयर करते हुए सुनली ने कैप्शन में लिखा, 'आप लोगों ने अंजलि जी यानी रामायण की उर्मिला जी को रामायण के लुक देखा फिर 2024 में देखा और अब 2025 में नये मॉडर्न ऑस्ट्रेलियन लुक में देखिए...।' वीडियो के आखिरी में सुनील कहते हैं कि देखा आप लोगों ने, जय श्री राम।
वीडियो का फैंस पर असर
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। जहां कुछ लोगों ने इसे मनोरंजन के नजरिए से देखा, वहीं कई यूजर्स ने इसे रामायण जैसे पवित्र धारावाहिक के किरदारों की मर्यादा के खिलाफ बताया।
एक यूजर ने लिखा, "बस यही देखना बाकी रह गया था, मर्यादा भंग हो गया।" वहीं, दूसरे ने टिप्पणी की, "सर, रामायण के सारे कैरेक्टर एक अलग छवि बन गए हैं। आप उर्मिला मैम का ये रूप दिखाकर उनकी छवि खराब न करें।"
फैंस का गुस्सा और नाराजगी
कई फैंस ने सुनील लहरी से इस तरह का वीडियो शेयर करने पर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, "सुनील जी, ऐसा पोस्ट आपको शोभा नहीं देता। आपकी एक अलग छवि है, उसे खराब न करें।" कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इस वीडियो का मकसद क्या है।
वीडियो में सुनील ने हल्के-फुल्के अंदाज में नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'जय राम जी की दोस्तों, 2025 में मैं आपको एक नई मॉडर्न, नए रूप वाली ऑस्ट्रेलियन उर्मिला जी यानी अंजलि जी से मिलाने जा रहा हूं। आप पिछले साल 2024 में भी उनसे मिल चुके हैं और रामायण में तो आपने उन्हें देखा ही है। आइए देखते हैं इस नए रूप वाली बदली हुई उर्मिला जी यानी अंजलि जी को।'