रश्मिका मंदाना का पॉलिटिशियन लुक वायरल, नई फिल्म की अटकलें तेज

  • Post By Admin on Aug 06 2025
रश्मिका मंदाना का पॉलिटिशियन लुक वायरल, नई फिल्म की अटकलें तेज

मुंबई : साउथ सुपरस्टार रश्मिका मंदाना एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह है उनका एक अलग ही अवतार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में रश्मिका साड़ी पहने हुए गंभीर मुद्रा में नजर आ रही हैं, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह किसी नई फिल्म या वेबसीरीज में पावरफुल पॉलिटिकल किरदार निभाने जा रही हैं।

तस्वीर में रश्मिका का आत्मविश्वास और बॉडी लैंग्वेज उन्हें किसी नेता जैसी छवि में दर्शाता है। फैंस और फिल्मी गलियारों में इस लुक को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

एक सूत्र के मुताबिक, "यह सिर्फ एक नया लुक नहीं है, बल्कि एक बोल्ड स्टेटमेंट है। रश्मिका जल्द ही अपने किसी बड़े प्रोजेक्ट को लेकर घोषणा कर सकती हैं।"

वर्क फ्रंट पर भी व्यस्त हैं रश्मिका
'एनिमल' से बॉलीवुड में चर्चा बटोर चुकीं रश्मिका की अगली फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' 5 सितंबर को रिलीज होने जा रही है, जिसे राहुल रविंद्रन ने डायरेक्ट किया है। इसमें वह दीक्षित शेट्टी के साथ नजर आएंगी।

इसके अलावा, वह आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'थामा' में भी दिखाई देंगी। यह फिल्म एक इतिहासकार की कहानी है, जो प्राचीन पांडुलिपियों के जरिये वैंपायर के रहस्य की परतें खोलता है। इसका निर्देशन 'मुंज्या' फेम आदित्य सरपोतदार कर रहे हैं।

इतना ही नहीं, रश्मिका जल्द ही 'मायसा' नाम की इमोशनल एक्शन-थ्रिलर फिल्म में भी नजर आएंगी, जिसमें वह गोंड समुदाय की महिला की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन रविंद्र पुले करेंगे, जबकि इसका निर्माण अजय और अनिल के बैनर तले होगा।

रश्मिका का यह नया अंदाज उनके अभिनय की रेंज को दर्शाता है और फैंस को उनके अगले कदम का बेसब्री से इंतजार है।