रणबीर कपूर बने भगवान राम, यश का दिखा रावण रूप, रामायण का पहला प्रोमो वीडियो लॉन्च
- Post By Admin on Jul 04 2025

मुंबई : भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य फिल्मों में से एक मानी जा रही 'रामायण' का बहुप्रतीक्षित पहला प्रोमो वीडियो आखिरकार रिलीज हो गया है। रणबीर कपूर और यश जैसे दिग्गज सितारों से सजी इस एपिक माइथोलॉजिकल सागा की पहली झलक देश के नौ प्रमुख शहरों—मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, पुणे और कोच्चि—में एक साथ दिखाई गई, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
तीन मिनट के इस प्रोमो वीडियो में सभी प्रमुख किरदारों की पुष्टि की गई है। रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। टीजर में यश का रावण रूप दर्शकों को रोमांचित कर गया, वहीं रणबीर का शांत और प्रभामय राम अवतार खूब सराहा जा रहा है।
यश ने टीजर साझा करते हुए लिखा, “दस साल की आकांक्षा और अथक समर्पण का परिणाम है रामायण। इसे बनाने में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लोगों ने काम किया है और हमने कोशिश की है कि इस महाकाव्य को पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ प्रस्तुत किया जाए।"
फिल्म के संगीत पर दो दिग्गज—ए. आर. रहमान और हंस जिमर—ने मिलकर काम किया है, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई है। टीजर के अंत में रणबीर और यश की आमने-सामने की झलक फिल्म के भव्य टकराव की झलक देती है।
रामायण को दो भागों में बनाया जा रहा है। पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के ऑस्कर विजेता वीएफएक्स बैनर के साथ किया जा रहा है, और इसका बजट कई हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर्स को टक्कर देने वाला है।
प्रोडक्शन टीम अब एक और बड़ा सरप्राइज़ प्लान कर रही है—7 मिनट का विजुअल शोरील, जिसे फिल्म की रिलीज से ठीक पहले जारी किया जाएगा।