नेटफ्लिक्स की नई रोमकॉम आप जैसा कोई का फर्स्ट लुक जारी, माधवन और फातिमा सना शेख की जोड़ी करेगी कमाल

  • Post By Admin on Jun 19 2025
नेटफ्लिक्स की नई रोमकॉम आप जैसा कोई का फर्स्ट लुक जारी, माधवन और फातिमा सना शेख की जोड़ी करेगी कमाल

मुंबई : नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस गर्मी के लिए अपनी बहुप्रतीक्षित रोमांटिक कॉमेडी 'आप जैसा कोई' की पहली झलक पेश कर दी है। आर माधवन और फातिमा सना शेख की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आते ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म 11 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर एक्सक्लूसिव स्ट्रीम की जाएगी।

इस फिल्म में आर माधवन एक संकोची संस्कृत शिक्षक "श्रीरेणु" की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि फातिमा सना शेख एक जिंदादिल और आत्मविश्वासी फ्रेंच टीचर "मधु" के किरदार में नजर आएंगी। दोनों की जिंदगी में जब टकराव और अपनापन एक साथ दस्तक देता है, तो शुरू होती है एक दिल छू लेने वाली कहानी।

फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है, जो इससे पहले 'मीनाक्षी सुंदरेश्वर' जैसी रोमांटिक फिल्म से सराहना बटोर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने मॉडर्न रोमांस के जटिल और भावनात्मक पहलुओं को दिखाने की कोशिश की है, जिसमें आत्म-स्वीकृति, पारिवारिक रिश्ते और प्यार की उलझनों को संवेदनशीलता से बुना गया है।

नेटफ्लिक्स द्वारा जारी फर्स्ट लुक पोस्टर में माधवन और फातिमा की केमिस्ट्री ने सोशल मीडिया पर फैंस को उत्साहित कर दिया है। प्लेटफॉर्म ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा— "इस रोमकॉम का इंतजार था, ‘आप जैसा कोई’ का। माधवन और फातिमा को देखें प्यार में, 11 जुलाई से सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।"

फिल्म का निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले हुआ है और यह नेटफ्लिक्स की ओर से आने वाले भारतीय ओरिजिनल कंटेंट की एक और खास पेशकश मानी जा रही है।

फिल्म समीक्षकों और दर्शकों को उम्मीद है कि माधवन की भावनात्मक गहराई और फातिमा की जीवंतता मिलकर 'आप जैसा कोई' को इस गर्मी की सबसे प्यारी और प्रभावशाली रोमांटिक फिल्म बना देंगे।