हिंदी सिनेमा ने खोया अपना ही-मैन : 89 वर्ष की उम्र में अभिनेता धर्मेंद्र का निधन

  • Post By Admin on Nov 24 2025
हिंदी सिनेमा ने खोया अपना ही-मैन : 89 वर्ष की उम्र में अभिनेता धर्मेंद्र का निधन

मुंबई : हिंदी फिल्मों के महानायक और दर्शकों के चहेते सितारे धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अभिनेता ने सोमवार को अंतिम सांस ली। पिछले कुछ महीनों से उन्हें सांस लेने में दिक्कत और अन्य उम्र संबंधी परेशानियाँ थीं, जिसके चलते उन्हें नियमित रूप से ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जाता था।

कुछ दिन पहले उनकी सेहत में हल्का सुधार देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की अनुमति दी थी, ताकि परिवार के बीच उनकी बेहतर देखभाल हो सके। घर पर चिकित्सकीय निगरानी, डॉक्टरों और एम्बुलेंस की व्यवस्था लगातार बनी रही। बावजूद इसके उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई।

धर्मेंद्र की सेहत को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल बना हुआ था। सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा सहित कई सितारे अस्पताल और उनके घर जाकर उनका हालचाल ले चुके थे। लेकिन आज सुबह उनके निधन की सूचना आते ही बॉलीवुड और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

करीब छह दशक तक हिंदी सिनेमा पर राज करने वाले धर्मेंद्र को ‘ही-मैन’ के नाम से जाना जाता था। 1960 में दिल भी तेरा हम भी तेरे से करियर की शुरुआत करने वाले धर्मेंद्र ने अनपढ़, फूल और पत्थर, सीता और गीता, यादों की बारात और शोले जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।

अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2012 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। साथ ही उन्होंने कई फिल्मफेयर पुरस्कार भी अपने नाम किए। अपने सशक्त अभिनय और सरल व्यक्तित्व से उन्होंने दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी।

उनके निधन के साथ ही हिंदी सिनेमा का एक युग समाप्त हो गया है।