अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे गुड्डू धनोआ, कहा– अब वे पहले से काफी बेहतर हैं

  • Post By Admin on Nov 12 2025
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे गुड्डू धनोआ, कहा– अब वे पहले से काफी बेहतर हैं

मुंबई : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार की खबर से फैंस को बड़ी राहत मिली है। ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अब वे घर पर आराम कर रहे हैं और आगे का इलाज वहीं से जारी रहेगा।

धर्मेंद्र के कजिन, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और निर्माता गुड्डू धनोआ बुधवार को एक्टर से मिलने उनके घर पहुंचे। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में धनोआ ने बताया कि धर्मेंद्र अब पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी रिकवरी अच्छे से हो रही है। हालांकि, उन्होंने एक्टर के इलाज से जुड़ी जानकारी साझा करने से परहेज़ किया।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र के घर पर ही इलाज के लिए सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ब्रीच कैंडी अस्पताल की डॉक्टरों की टीम भी नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य पर नज़र रखेगी।

इससे पहले आज सुबह अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक समदानी और राजीव शर्मा ने एक्टर की सेहत को लेकर आधिकारिक अपडेट जारी किया था। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र को सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है और वे पूरी तरह स्थिर हैं।

डॉ. राजीव शर्मा ने जनता से अपील की कि धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि अभिनेता की हालत फिलहाल नियंत्रण में है।

धर्मेंद्र के घर के बाहर इस समय बड़ी संख्या में फैंस और शुभचिंतक एक्टर की झलक पाने के लिए जुटे हुए हैं। परिवार के सभी सदस्य उनके साथ मौजूद हैं और अभिनेता की देखभाल में लगे हुए हैं।