बैकग्राउंड डांसर से सुपरस्टार तक, जानें सुशांत सिंह राजपूत की अनसुनी कहानियां

  • Post By Admin on Jan 21 2025
बैकग्राउंड डांसर से सुपरस्टार तक, जानें सुशांत सिंह राजपूत की अनसुनी कहानियां

मुंबई : आज अगर सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच होते, तो वह अपना 39वां जन्मदिन मना रहे होते। 21 जनवरी 1986 को बिहार के पटना में जन्मे सुशांत ने अपनी मेहनत और काबिलियत से फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई। हालांकि, 14 जून 2020 को उन्होंने अपने मुंबई स्थित फ्लैट में आत्महत्या कर ली, लेकिन उनके फैंस आज भी उनकी मुस्कान और अदाकारी को भूले नहीं हैं। सुशांत की जिंदगी से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं जो उनके प्रशंसकों के लिए प्रेरणा हैं।

सिनेमाघरों में चेहरा छिपाकर जाते थे सुशांत

सुशांत सिंह राजपूत फिल्मों को लेकर बेहद जुनूनी थे। जब उनकी कोई फिल्म रिलीज होती थी, तो वह सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं खुद देखते थे। खास बात यह थी कि वह अपना चेहरा छिपाकर थिएटर में प्रवेश करते, ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। हालांकि, फिल्म खत्म होने के बाद वह दर्शकों के बीच जाकर उनसे बातचीत करते थे। 

करियर की शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के रूप में

बहुत कम लोग जानते हैं कि सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत एक बैकग्राउंड डांसर के रूप में की थी। उन्हें डांस से बेहद लगाव था। 2006 में आई फिल्म धूम 2 में उन्होंने ऋतिक रोशन के साथ बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम किया था। इसके अलावा, उन्होंने श्यामक डावर के डांस ग्रुप के साथ भी परफॉर्म किया था। सुशांत कथक और अन्य शास्त्रीय नृत्य शैलियों में भी माहिर थे।

सुपरमॉडल केंडल जेनर के साथ फोटोशूट

सुशांत सिंह राजपूत बॉलीवुड के ऐसे चुनिंदा अभिनेताओं में से एक थे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई। 2017 में उन्होंने अमेरिकी सुपरमॉडल केंडल जेनर के साथ वोग मैगजीन के लिए एक फोटोशूट किया था। यह शूट प्रसिद्ध फोटोग्राफर मारियो टेस्टिनो ने किया था और इसे दुनियाभर में सराहा गया।

खगोल विज्ञान में गहरी रुचि

सुशांत केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। उन्हें खगोल विज्ञान में गहरी दिलचस्पी थी। उनके पास एक एडवांस टेलीस्कोप था। जिससे वह अंतरिक्ष की गहराइयों को निहारते थे। वह न केवल खगोलशास्त्र को समझना चाहते थे, बल्कि अपने प्रोडक्शन हाउस इनसेई वेंचर्स के तहत एक अंतरिक्ष-फिल्म बनाने की योजना भी बना रहे थे।

टीवी से बॉलीवुड तक का सफर

सुशांत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत एकता कपूर के लोकप्रिय सीरियल पवित्र रिश्ता से की। यह शो उन्हें घर-घर में मशहूर बनाने वाला साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने काय पो छे! (2013) से बॉलीवुड में डेब्यू किया और एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, छिछोरे और केदारनाथ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता।