एक चतुर नार में दिव्या खोसला का देसी अंदाज, 12 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक

  • Post By Admin on Sep 10 2025
एक चतुर नार में दिव्या खोसला का देसी अंदाज, 12 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक

मुंबई : अभिनेत्री और निर्माता दिव्या खोसला कुमार इन दिनों अपनी नई फिल्म 'एक चतुर नार' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 12 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले दिव्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास बिहाइंड द सीन (बीटीएस) वीडियो साझा किया, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।

वीडियो में दिव्या अपने किरदार में पारंपरिक लुक में नजर आ रही हैं। उन्होंने बैंगनी रंग का कुर्ता, पीली सलवार और स्लेटी स्वेटर पहना है। सिर पर चुन्नी और बालों में चोटी ने उनके 'चतुर नार' किरदार को जीवंत बना दिया है। वीडियो में सिनेमैटोग्राफर समीर आर्यन और अभिनेता नील नितिन मुकेश उनकी एक्टिंग की तारीफ करते भी दिखाई दे रहे हैं।

दिव्या ने वीडियो के साथ लिखा, “‘एक चतुर नार’ के सेट से खास पल। हमारे टैलेंटेड डीओपी समीर आर्यन और मुझे बेहद खूबसूरती से नील नितिन मुकेश ने कैमरे में कैद किया। यह मेरी सबसे पसंदीदा और शानदार टीम है।”

फिल्म की कहानी एक छोटे शहर की महत्वाकांक्षी और चतुर लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक बड़े शख्स का प्राइवेट वीडियो मिल जाता है। वह इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करती है और आगे बढ़ने की सीढ़ी बना लेती है।

इस ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर फिल्म का निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया है, जबकि इसकी कहानी हिमांशु त्रिपाठी ने लिखी है। दिव्या के साथ इसमें नील नितिन मुकेश भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

दिव्या इससे पहले एक्शन थ्रिलर 'सावी' में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन अभिनय देव ने किया था। उस फिल्म में उनके साथ हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में थे, जबकि अनिल कपूर का गेस्ट अपीरियंस था।