बिहार की बेटी को भाया विदेशी फुटबॉलर, साथ बिता रही हैं मस्ती भरे पल

  • Post By Admin on Jan 10 2025
बिहार की बेटी को भाया विदेशी फुटबॉलर, साथ बिता रही हैं मस्ती भरे पल

मुम्बई : बॉलीवुड की ग्लैमरस और फिट एक्ट्रेस नेहा शर्मा इन दिनों अपनी लव लाइफ को लेकर खबरों में हैं। बिहार के राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली इस एक्ट्रेस के नए बॉयफ्रेंड, कोई और नहीं बल्कि एक विदेशी फुटबॉलर, पेटर स्लिसकोविक हैं। दोनों को हाल ही में मुंबई में साथ समय बिताते हुए देखा गया और इसके बाद से ही इनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नेहा शर्मा का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से है। वह बिहार के भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेसी नेता अजीत शर्मा की बेटी हैं, जो तीन बार विधायक रह चुके हैं। खुद नेहा भी अपनी फिटनेस और ग्लैमरस अंदाज के लिए जानी जाती हैं और बॉलीवुड में अपने अभिनय के लिए पहचान बना चुकी हैं।

हाल ही में नेहा और पेटर को मुंबई में कई बार साथ लंच और डिनर करते हुए देखा गया। दोनों एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए बेहद खुश नजर आए। दोनों के बीच के प्यार को देखकर यह साफ है कि यह रिश्ते को लेकर पूरी तरह से कमिटेड हैं। हालांकि अभी तक दोनों ने अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम पर आधिकारिक नहीं किया है।

कौन हैं पेटर स्लिसकोविक ?

पेटर स्लिसकोविक एक 33 वर्षीय पेशेवर फुटबॉलर हैं, जो क्रोएशिया से हैं। उन्होंने अपनी फुटबॉल करियर की शुरुआत 2011 में जर्मन क्लब मेंज 05 से की थी। इसके बाद वह सेंट पॉली और डायनेमो ड्रेसडेन जैसे क्लबों से जुड़े रहे। जुलाई 2022 में उन्होंने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के क्लब चेन्नईयिन एफसी से जुड़कर भारत में फुटबॉल खेलना शुरू किया। वहीं, नेहा और पेटर की मुलाकात भी वहीं हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी। मई 2023 में पेटर ने जमशेदपुर एफसी में शामिल हो गए, लेकिन उनका रिश्ता अब भी मजबूत बना हुआ है।

नेहा के फिल्मी करियर पर एक नज़र

नेहा शर्मा की फिल्मों की लिस्ट काफी शानदार है। उन्होंने बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में काम किया है। जिनमें ‘यंगिस्तान’, ‘यमला पगला दीवाना 2’, ‘क्रुक’, ‘तुम बिन 2’, ‘जोगीरा सारा रा रा’ और ‘तान्हाजी’ जैसी फिल्में शामिल हैं। हाल ही में उन्हें फिल्म ‘बैड न्यूज’ में देखा गया था। जिसमें विक्की कौशल, त्रिपती डिमरी और एमी विर्क मुख्य भूमिका में थे। इसके अलावा, उन्होंने वेब सीरीज ‘इल्लीगल’ में भी एक वकील के रूप में दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था।

नेहा का सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और वह अक्सर अपनी फिटनेस और यात्रा की तस्वीरें साझा करती रहती हैं। इसके अलावा, अपनी बहन आयशा शर्मा के साथ भी वह काफी समय बिताती हैं और दोनों की बॉन्डिंग देखने लायक होती है। इन दिनों, एक्ट्रेस अपनी लव लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे चलकर वे अपने रिश्ते को और कितनी दूर लेकर जाती हैं।