राजन शाही के बयान पर अर्जित तनेजा का पलटवार, प्रतीक्षा होनमुखे ने किया रिएक्ट
- Post By Admin on Jan 01 2025

मुंबई : टीवी इंडस्ट्री में हाल ही में विवाद उस समय गहरा गया जब प्रोड्यूसर राजन शाही ने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने अपने शो के कुछ लीड एक्टर्स को रातों-रात बाहर क्यों किया। उनके इस बयान ने टीवी एक्टर अर्जित तनेजा को भड़का दिया, जिन्होंने खुलकर सोशल मीडिया पर राजन शाही की आलोचना की।
क्या कहा था राजन शाही ने?
राजन शाही ने 'टेली चक्कर' को दिए इंटरव्यू में कहा था, 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के दो लीड एक्टर्स को मैंने रातों रात बाहर निकाला था। आप मेरे मेकअप दादा, कैमरा मैन या स्पॉट दादा की इज्जत नहीं करते हैं तो आप सेट से बाहर जाइए। मैंने अनुपमा के लीड एक्टर को भी शो से बाहर किया। हालांकि, उसके बारे में मैं बात नहीं करना चाहता।'
गौरतलब है कि 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से प्रतीक्षा होनमुखे और शहजादा धामी को और फिर 'अनुपमा' से अलीशा परवीन को शो से बाहर किया गया था।
अर्जित तनेजा का तीखा जवाब
राजन शाही के इस बयान पर अर्जित तनेजा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "यह कहानी का सिर्फ एक पक्ष है। क्या यह संभव है कि सभी एक्टर्स गलत हों और यह व्यक्ति संत हो? एक्टर्स को हमेशा आसान टारगेट बनाया जाता है। क्या ये आदमी भगवान है?"
अर्जित के इस कमेंट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। कई लोगों ने उनके इस बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इसे गलत ठहराया। अर्जित के बयान पर 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की पूर्व अभिनेत्री प्रतीक्षा होनमुखे ने भी प्रतिक्रिया दी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
अर्जित तनेजा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। जहां एक ओर कई लोग अर्जित का समर्थन कर रहे हैं और राजन शाही की आलोचना कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग प्रोड्यूसर के फैसले को सही ठहरा रहे हैं।