अल्लू अर्जुन ने रचा इतिहास : पुष्पा 2 बनी हिंदी में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म

  • Post By Admin on Dec 07 2024
अल्लू अर्जुन ने रचा इतिहास : पुष्पा 2 बनी हिंदी में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म

मुंबई : साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी स्टार पावर का जादू देशभर में चलता है। 2021 में आई उनकी फिल्म पुष्पा: द राइज ने जिस तरह का क्रेज पैदा किया था। उसका असर अब इसके सीक्वल पुष्पा 2: द रूल की रिलीज़ पर साफ़ दिख रहा है। इस फिल्म ने हिंदी में ओपनिंग कलेक्शन के मामले में शाहरुख खान की जवान को पछाड़ते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है।

जहां जवान ने हिंदी बेल्ट में 65.5 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। वहीं, शुरुआती आंकड़ों के अनुसार पुष्पा 2 ने 68 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ अल्लू अर्जुन ने न केवल तेलुगू सिनेमा की ताकत को फिर से साबित किया बल्कि यह भी दिखा दिया कि उनकी फिल्में पैन इंडिया दर्शकों के बीच कितनी लोकप्रिय हैं।

अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2: द रूल ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाते हुए सबसे बड़ी ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म ने 68 करोड़ रुपये (अनुमानित) की कमाई के साथ शाहरुख खान की जवान (65.5 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है। इसके बाद तीसरे स्थान पर स्त्री 2 (55.40 करोड़), चौथे पर शाहरुख की ही पठान (55 करोड़) और पांचवें पर रणबीर कपूर की एनिमल (54.75 करोड़) हैं। यह रिकॉर्ड इस बात का सबूत है कि अब पैन इंडिया फिल्में न सिर्फ भाषाई दीवारें तोड़ रही हैं बल्कि देशभर के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही हैं।

अल्लू अर्जुन की लोकप्रियता साउथ से निकलकर उत्तर भारत के दर्शकों के बीच भी तेजी से बढ़ी है। पुष्पा: द राइज के गाने और डायलॉग ने जहां सोशल मीडिया पर तहलका मचाया, वहीं अब इसके सीक्वल ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है।

भले ही पुष्पा 2 ने शाहरुख की जवान का रिकॉर्ड तोड़ दिया हो लेकिन यह दोनों सितारों के लिए भारतीय सिनेमा के विकास और पैन इंडिया फिल्मों के बढ़ते प्रभाव का संकेत है। दर्शक अब भाषा की सीमा को परे रखकर हर अच्छी फिल्म को अपना रहे हैं और यही भारतीय सिनेमा की असली ताकत है।

पुष्पा 2: द रूल की सफलता के पीछे कई कारण हैं, जिनमें सबसे बड़ा है पुष्पा ब्रांड की जबरदस्त लोकप्रियता जिसने दर्शकों के बीच पहले से ही एक मजबूत जगह बना ली थी। अल्लू अर्जुन के चार्म और उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने इस क्रेज को और बढ़ा दिया। फिल्म के गाने और एक्शन सीक्वेंसेज़ ने रिलीज़ से पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी थी। इसके साथ ही, हिंदी बेल्ट में बड़े पैमाने पर प्रचार ने इसे पैन इंडिया दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।