बिहार में डीएसपी के ठिकानों पर छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस की कार्यवाई

  • Post By Admin on Aug 08 2025
बिहार में डीएसपी के ठिकानों पर छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस की कार्यवाई

पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष सतर्कता इकाई (एसवीयू) ने शुक्रवार को बड़ी कार्यवाई करते हुए जहानाबाद में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है, जिसमें करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

एसवीयू, पटना ने डीएसपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। आरोप है कि संजीव कुमार ने अपने ज्ञात वैध स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। अदालत से जारी सर्च वारंट के आधार पर एसवीयू की कई टीमें सुबह से ही तीनों जिलों में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी में जुटी हैं।

हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामदगी को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस कार्यवाई को नीतीश कुमार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में एसवीयू ने पश्चिम चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण के ठिकानों पर छापेमारी कर 1.87 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे। सरकार के निर्देशानुसार अब सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपनी आय व कानूनी स्रोतों की वार्षिक घोषणा करने के लिए बाध्य हैं।