दिल्ली में जासूसी नेटवर्क पर शिकंजा, पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में आए पति-पत्नी गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 28 2026
नई दिल्ली :पाकिस्तान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद साहिल (25) और उसकी पत्नी समीरा (21) वर्ष 2024 से सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे। आरोप है कि दोनों को आर्थिक लाभ का लालच देकर जासूसी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया गया।
पुलिस की जांच के अनुसार, साहिल की पहचान समीरा के जरिए इंस्टाग्राम पर एक पाकिस्तानी एजेंट से हुई थी। बाद में दोनों की मुलाकात एक पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी से कराई गई। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और जानकारी जुटाने के लिए इस्तेमाल किया जाने लगा। जांच में यह भी सामने आया है कि 2024 और 2025 के दौरान दोनों ने दुबई के जरिए पाकिस्तान में 8 भारतीय सिम कार्ड भेजे। पुलिस का दावा है कि पाकिस्तान में इन सिम कार्ड का इस्तेमाल व्हाट्सऐप चलाने के लिए किया गया। आरोप है कि इन नंबरों से भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुप्स में प्रवेश कर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सिम कार्ड पाकिस्तान पहुंचाने के बदले दोनों को करीब 30 हजार रुपए दिए गए थे। इसके अलावा उन्हें सैन्य छावनियों से संबंधित जानकारी जुटाने और ऐसे जवानों की पहचान करने को कहा गया था, जिनके खिलाफ सेना में किसी तरह की कार्रवाई चल रही थी। जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों को इस कथित नेटवर्क में अन्य लोगों को भी शामिल करने का काम सौंपा गया था।
साहिल को स्पेशल सेल ने दक्षिण दिल्ली के सराय काले खां इलाके से पकड़ा। उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंटों के साथ कथित बातचीत का रिकॉर्ड मिलने की बात पुलिस ने कही है। पूछताछ के बाद पुलिस को नेटवर्क की कार्यप्रणाली और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने का दावा किया गया है।पुलिस के अनुसार, साहिल ने IGNOU से पढ़ाई की है और पहले एक वकील के साथ काम करता था। वहीं समीरा कॉल सेंटर में नौकरी करती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कथित जासूसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।