122 करोड़ का न्यू इंडिया बैंक घोटाला, हिरेन भानु व गौरी भानु पर रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी
- Post By Admin on Aug 23 2025

मुंबई : 122 करोड़ रुपए के कथित घोटाले के मामले में न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व चेयरमैन हिरेन भानु और उनकी पत्नी, बैंक की कार्यवाहक उपाध्यक्ष गौरी भानु के खिलाफ मुंबई पुलिस रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) जारी करने की तैयारी कर रही है। मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट ने पहले ही दोनों को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया है, जिसके बाद पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिरफ्तारी की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बताया कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद हिरेन और गौरी भानु पहले ही विदेश फरार हो गए थे। इसके चलते अदालत ने उन्हें गैर-जमानती वारंट के तहत भगोड़ा अपराधी घोषित किया। अब ईओडब्ल्यू इंटरपोल की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसमें लगभग एक महीने का समय लग सकता है।
एस्प्लेनेड कोर्ट ने अप्रैल में हिरेन और गौरी भानु को 122 करोड़ रुपए के बैंक गबन मामले में भगोड़ा घोषित किया था। उसी समय अदालत ने पुलिस को इस मामले में पांच आरोपियों की 21 संपत्तियों, जिनकी कीमत कुल 167.85 करोड़ रुपए आंकी गई, को कुर्क करने की अनुमति भी दी।
ईओडब्ल्यू ने इस मामले में बैंक के पूर्व महाप्रबंधक हितेश मेहता, पूर्व सीईओ अभिमन्यु भोन समेत आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आया कि हिरेन भानु ने खुद को निर्दोष बताते हुए वरिष्ठ अधिकारी हितेश मेहता पर 122 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का पूरा जिम्मेदार ठहराया। हिरेन भानु के अनुसार, फरवरी में बैंक के प्रभादेवी मुख्यालय में आरबीआई अधिकारियों की पहली जांच के दौरान मेहता ने फोन कॉल में अपराध स्वीकार किया था।
इस घोटाले ने मुंबई और देश के वित्तीय संस्थानों में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आरोपियों को पकड़ने की पूरी तैयारी में है।