मोदी कैबिनेट के 4,294 करोड़ के दो बड़े फैसले, नई रेल लाइन और तीन केमिकल पार्कों को मंजूरी
- Post By Admin on Jul 24 2026
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुल 4,294 करोड़ रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन फैसलों का उद्देश्य देश के रेल नेटवर्क को मजबूत करना, औद्योगिक विकास को गति देना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
कैबिनेट के पहले फैसले के तहत कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के बीच बल्लारी-गुटंकल रेल मार्ग पर तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने की परियोजना को स्वीकृति दी गई है। लगभग 46 किलोमीटर लंबे इस रेल कॉरिडोर के निर्माण पर 1,264 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार के अनुसार, इस परियोजना से रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, माल और यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा तथा परिवहन व्यवस्था में सुधार आएगा। निर्माण कार्य के दौरान करीब 31 लाख मानव-दिवस के रोजगार सृजित होने का अनुमान है। साथ ही, रेल परिवहन की दक्षता बढ़ने से ईंधन की बचत होगी और कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
दूसरे बड़े फैसले में केंद्र सरकार ने "भव्य रासायन योजना" के लिए 3,030 करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन को मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य देश के रासायनिक (केमिकल) क्षेत्र और मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करना है। योजना के तहत देश में तीन अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय केमिकल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इन पार्कों में साझा बुनियादी ढांचा, आवश्यक उपयोगिताओं और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी। सरकार का मानना है कि इससे घरेलू रासायनिक उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा, विनिर्माण क्षमता में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। केंद्र सरकार का कहना है कि दोनों परियोजनाएं देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती प्रदान करेंगी।